धमतरी

मसानडबरा में 34 कमार परिवारों के लिए जिपं अध्यक्ष ने बनवाई पक्की कॉलोनी
14-Oct-2026 8:43 PM
मसानडबरा में 34 कमार परिवारों के लिए जिपं अध्यक्ष ने बनवाई पक्की कॉलोनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 14 अक्टूबर। सरकार योजनाएं बना संसाधन उपलब्ध करा विकास का रास्ता तैयार करती है। लेकिन जब समाज इसे अपनी जिम्मेदारी मान विकास के रास्ते पर ले जाता है तो परिणाम मजबूत होते हैं। योजना सरकार की हो सकती है, लेकिन विकास को सफल बनाने की जिम्मेदारी हम सबकी है, उक्त बातें धमतरी जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा ने जिले के दूरस्थ आदिवासी क्षेत्र में 34 कमार परिवारों को सर्वसुविधायुक्त पक्के आवास प्रदान कर कही। इस मौके पर नेता और पत्रकारों ने मिलकर पौधारोपण भी किया।

धमतरी जिले एवं नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सांकरा के आश्रित ग्राम मसानडबरा में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनजातीय विकास और पर्यावरण संरक्षण की अभूतपूर्व मिसाल पेश करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने विशेष पिछड़ी जनजाति के 34 कमार परिवारों को एक ही जगह प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत पक्के मकान की पूरी कॉलोनी बना कर दे दी। साथ ही इसे ग्रामीण विकास का नया मॉडल बनाकर पेश किया है।

ज्ञात हो कि कमार जनजाति सदियों से जंगलों और झोपड़ी नुमा कच्चे मकानों में रहने को विवश थे। ऐसे में एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि ने बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे 34 कमार परिवारों को पक्का और सर्वसुविधायुक्त घर देकर बता दिया कि विकास केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि विश्वास, सहभागिता और निरंतर प्रयास से जमीन पर दिखाई देने वाला एक परिणाम होता है।

अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि अंत्योदय से विकसित भारत 2047 तक की यात्रा ऐसे ही प्रयासों से पूरी होगी। मेरा सपना केवल मसान डबरा तक सीमित नहीं है...मैं चाहता हूं कि देश के हर गांव, हर बस्ती में शासन की योजनाओं के साथ समाज की सहभागिता जुड़े। हर निर्माण कार्य गुणवत्ता, सुरक्षा और उपयोगिता के साथ हो और विकास का लाभ समाज के उस व्यक्ति तक पहुंचे, जिसे इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। कमार परिवारों का उत्थान मेरा सौभाग्य है। नव-निर्मित पक्के आवास प्रदान कर उन्हें मुख्यधारा से जोडऩे का जतन किया गया है। मसानडबरा की यह नवनिर्मित परिसर छत्तीसगढ़ की पहली और देश की दूसरी ‘प्रधानमंत्री जनमन आवास कॉलोनी’ के रूप में ग्रामीण विकास का नया मॉडल है।

श्री सार्वा ने बताया कि यह केवल एक सरकारी योजना का क्रियान्वयन नहीं है, बल्कि इन परिवारों के सामाजिक-आर्थिक स्वाभिमान की एक नई शुरुआत है। हमारा लक्ष्य मसानडबरा को छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश के सामने एक आत्मनिर्भर और मॉडल विलेज के रूप में स्थापित करना है।

 इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, पूर्व विधायक पिंकी शाह, बीजेपी नेता महेंद्र पंडित, विजय यदु, महेंद्र नेताम सहित जिला के पत्रकारों ने अपने नाम पट्टिका के साथ औषधीय पौधों का रोपण किया।

 जिला पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम पर बरगद और पीपल का पौधा लगाया। साथ ही सभी ने नवनिर्मित कमार आवासों का अवलोकन कर हितग्राहियों को गृह-प्रवेश की बधाई दी।


अन्य पोस्ट