धमतरी

राइस मिल हत्याकांड के बाद जागा पुलिस प्रशासन, मिलर्स संग की बैठक
08-Oct-2026 8:15 PM
राइस मिल हत्याकांड के बाद जागा पुलिस प्रशासन, मिलर्स संग की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 8 अक्टूबर। नगर की एक राइस मिल परिसर में हुई मजदूर युवती की हत्या के बाद होश में आए पुलिस प्रशासन और मिल प्रबंधकों ने बैठक कर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के जरुरी इंतजाम पर गहन विचार विमर्श किया।  जिसमें पुलिस पेट्रोलिंग, सीसी कैमरा, कर्मचारी वेरीफिकेशन सहित औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार लाने का फैसला किया गया।

बुधवार को श्री राइस मिल में राइस मिलर्स एसोसिएशन और पुलिस अधिकारी के बीच हुई बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों के संबंध में विचार विमर्श किया गया। थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर ने मिल परिसर के रोड साइड सीसीटीवी कैमरे लगाने, मिल कर्मियों के चरित्र सत्यापन, मिल में आने जाने वाले लोगों का नाम पता रजिस्टर में एंट्री करने की जरूरत बताई।

उन्होंने कर्मचारियों के चरित्र सत्यापन के लिए ‘समाधान’ मोबाइल ऐप का उपयोग करने और बाहर से आने वाले कर्मचारियों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की सलाह दी। मिल संचालकों ने औद्योगिक क्षेत्र में रात की पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की।

 ज्ञात हो कि गत दिनों यहाँ की एक राइस मिल में एक सरफिरे आशिक ने मिल के अंदर ही एक महिला श्रमिक की चाकू से हत्या कर दी थी। इस घटना ने कानून व्यवस्था और औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर गहरे सवाल पैदा कर दिया है। इसी बात को लेकर मिलर्स की पहल पर पुलिस के साथ सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

बैठक में रात्रिकालीन पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया गया, ताकि संवेदनशील समय में पुलिस की मौजूदगी बनी रहे, क्योंकि औद्योगिक परिसरों में दिन की तुलना में रात के समय गतिविधियां कम होने के साथ निगरानी का दायरा भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया कि व्यवस्थित रिकॉर्ड भविष्य में किसी भी घटना की स्थिति में जांच को अधिक प्रभावी बनाने में मदद कर सकता है।

बैठक में राइस मिलर्स एसोसिएशन संरक्षक अनिल चंद्राकर,अध्यक्ष हितेन्द्र केला, सुनील अग्रवाल, योगेश चन्द्राकर, सुरेश महावर, मनोज चन्द्राकर, अजय केला, मलय चन्द्राकर, अनूप अग्रवाल, मनीष, कान्हा, सुमीत अग्रवाल सहित अन्य राइस मिल संचालक शामिल थे।


अन्य पोस्ट