धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 7 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगरपालिका कुरुद में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों नागरिकों का स्वास्थ्य जांच और उपचार किया गया। इसके अलावा नगर प्रशासन से जुड़े पीएम आवास, राशनकार्ड जैसे अन्य काम भी निपटाए गए। इस मौके पर राईस मिल एसोसिएशन कुरुद की ओर से 32 आंगनबाड़ी केन्द्र हेतु एलईडी टीवी प्रदान किया गया।
बुधवार को नगरपालिका कार्यालय के सामने सेवा संकल्प अभियान के तहत लगे शिविर में शामिल हुए विधायक अजय चन्द्राकर ने नगर विकास गाथा का जिक्र करते हुए बताया कि ग्राम पंचायतकालीन सडक़ों के चलते नगर में ट्रैफिक एवं पार्किंग की समस्या उत्पन्न हो रही है। जिसे ठीक करने में आने वाली बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कैसे प्रशासनिक विकेंद्रीकरण के माध्यम से स्थानीय स्तर पर सरकारी कार्यालयों की स्थापना, परिवहन सुगमता के लिए रेलवे और सडक़ नेटवर्क का आधुनिकीकरण, सडक़, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक विस्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि बीते दो दशक में शिक्षा और कौशल विकास, उच्च शिक्षा संस्थानों और कॉलेजों का विस्तार, औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल विकास प्रशिक्षण, शैक्षणिक संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया, यातायात को सुचारू बनाने के लिए बाईपास सडक़ों का निर्माण कराया गया।
पूर्व मंत्री श्री चन्द्राकर ने माना कि अब यहाँ शहरी प्रबंधन और बढ़ती ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या का समाधान की जरूरत है। प्रमुख चौराहों के बीच केबल लाइनों को भूमिगत करने की परियोजना शुरू कर दी गई है। इन स्थानीय मुद्दों के अलावा उन्होंने देश-विदेश में घट रही घटनाओं पर सामने बैठे लोगों का ज्ञानवर्धन किया।
शिविर में सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं अन्य सुविधाओं का लाभ लिया। विधायक की पहल पर राइस मिल एसोसिएशन कुरुद की ओर से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र की 32 आंगनबाड़ी केन्द्र हेतु एलईडी टीवी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर नपा अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर, मिल एसोसिएशन के अनिल चन्द्राकर, हितेन्द्र-लख्खू केला, सुनील अग्रवाल, विजय केला, सुरेश महावर, रामु सुखरामणी, मनीष अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर, कृष्णकांत साहू, थानेश्वर तारक, इमरान बेग, एसडीएम पीयूष तिवारी, तहसीलदार सूरज बंझोर, सीएमओ महेन्द्र गुप्ता, बीएमओ हेमराज देवागंन सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, नागरिक, अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।