धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 5 अक्टूबर। श्रीरामजानकी सर्व महिला गरबा महोत्सव के तहत रविवार को चंद्राकर भवन, कुरुद में गरबा प्रशिक्षण का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने किया। गरबा प्रशिक्षण प्रारंभ होने से महोत्सव को लेकर महिलाओं एवं बालिकाओं में उत्साह का माहौल नजर आ रहा है।
आयोजन समिति अध्यक्ष नेहा चंद्राकर, उपाध्यक्ष नमिता चंद्राकर एवं सचिव सुरेखा चंद्राकर ने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं को पारंपरिक गरबा के माध्यम से सांस्कृतिक गतिविधियों से जोडऩे के उद्देश्य से नगर में 4 से 10 अक्टूबर तक गरबा प्रशिक्षण प्रतिदिन दोपहर साढ़े 3 से शाम 6 बजे तक दो शिफ्ट में संचालित होगा। मुख्य गरबा महोत्सव 11 से 18 अक्टूबर तक रोज रात्रि साढ़े 7 से 10 बजे तक चंद्राकर भवन में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
महोत्सव के दौरान पूजा एवं प्रसाद व्यवस्था, गरबा की थीम, प्रतिभागियों की वेशभूषा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके लिए समिति सदस्यों को विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि प्रशिक्षण एवं मुख्य महोत्सव का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव में महिलाओं एवं बालिकाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिसमें अमृता देवांगन, भारती साहू, गायत्री चंद्राकर, श्वेता अग्रवाल, फूलबासन चंद्राकर, अंबिका चंद्राकर, मनीषा साहू, संध्या गोस्वामी, रजनी साहू, कमलेश्वरी, सीमा साहू, अंजू साहू एवं दीक्षांशी सेन सहित समिति की अन्य सदस्य महोत्सव को सफल बनाने के लिए जुटी हुई हैं।