धमतरी

स्कूल में सेवा संकल्प, पढ़ाई प्रभावित, पालकों ने दी आंदोलन की चेतावनी
04-Oct-2026 7:53 PM
स्कूल में सेवा संकल्प, पढ़ाई प्रभावित, पालकों ने दी आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 4 अक्टूबर। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी व हिंदी माध्यम विद्यालय कुरुद में सेवा संकल्प पखवाड़ा के तहत जिला स्तरीय चित्रकला, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम कराया गया। इससे पढ़ाई प्रभावित होने की शिकायत है। पालक संघ ने इसके खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी।

ज्ञात हो कि सेजेस कुरुद में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय चित्रकला, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विधायक अजय चंद्राकर, नपा अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर,  सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू सहित सत्ता पक्ष के कई नेता शामिल हुए। नेताओं ने मंच से बचपन की यादें, नेशन फस्ट, ड्रिग्री कौशल, एआई, अनुशासन जैसे विषयों पर भाषण दिया। इन सबके बीच शाला विकास समिति अध्यक्ष मनीष सारथी, उपाध्यक्ष श्रवण साहू, पूर्व छात्र तुकेश साहू ने बताया कि विद्यालय की समस्या लेकर वे पूर्व में इन्ही नेताओं के दरवाजे खटखटा चुके हैं, लेकिन कोई फायदा नही हुआ।

वर्तमान में सेवा संकल्प के तहत संकुल से जिला स्तर तक के सभी आयोजनों का केंद्र इसी विद्यालय को बना दिया गया है। इन कार्यक्रमों की तैयारी और भीड़-भाड़ के कारण नियमित कक्षाएं नहीं लग पा रही हैं। इतना ही नहीं शिक्षकों की ड्यूटी व्यवस्था सम्हालने में लगा दी जाती है, जिससे छात्र दिनभर कक्षाओं में खाली बैठने को मजबूर हैं। शाला समिति का कहना है कि विद्यालय में हिंदी माध्यम में शिक्षकों की भारी कमी है, जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे घिसट रही है।

इस बीच स्कूल में लगातार हो रहे गैर-शैक्षणिक आयोजनों ने शिक्षण व्यवस्था को पूरी तरह ठप कर दिया है। पूर्व सत्रों में भी इसी अव्यवस्था, शिक्षकों की कमी और लगातार होने वाले गैर-शैक्षणिक कार्यक्रमों के चलते विद्यालय का बोर्ड व वार्षिक परीक्षा परिणाम निराशाजनक और खराब रहा था। पालक संघ ने कहा कि विद्यालय को प्रशासनिक आयोजनों का अखाड़ा बनाना तत्काल बंद किया जाए। साथ ही रिक्त पदों पर योग्य शिक्षकों की व्यवस्था कर शैक्षणिक माहौल बहाल किया जाए। व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर पालक संघ ने उग्र आंदोलन और शाला बहिष्कार की चेतावनी दी है।


अन्य पोस्ट