धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 3 अक्टूबर। कृष्ण-भक्ति और रास परंपरा से जुड़ी वृंदावन की धरती पर आयोजित व्रज रास उत्सव के एकल कथक नृत्य प्रतियोगिता में दिवंगत पत्रकार कमलेश शर्मा की सुपुत्री एवं केन्द्रीय विद्यालय कुरुद की प्रतिभावान छात्रा सिया शर्मा ने अपनी प्रस्तुति में कथक के भाव और लय को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों और निर्णायकों का ध्यान आकर्षित कर प्रथम स्थान अर्जित कर नगर को गौरवान्वित किया है।
ज्ञात हो कि वृन्दावन मथुरा मे 2 से 4 अक्टूबर तक चलने वाले श्री कृष्ण कला सांस्कृतिक महोत्सव 2026 के तहत आयोजित बृज रास प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए नगर में संचालित गीतांजलि संगीत कला एकेडमी की छात्रा सिया ने एकल कथक नृत्य में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान अर्जित किया। इस प्रस्तुति में यह संदेश निहित है कि प्रतिभा कभी किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। सही मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और कला के प्रति समर्पण से छोटी जगह की प्रतिभाएं भी बड़े मंचों तक पहुंच सकती हैं।
पेशे से शिक्षिका मां सुमन शर्मा ने बताया कि सिया पांच साल की उम्र से कथक विधा का गुरु जुगराज बाग़ से विधिवत शिक्षा लेने के साथ खैरागढ़ संगीत महाविद्यालय से डिग्री कोर्स भी कर रही है। ज्ञात हो की बीते वर्षों में सिया ने हरिद्वार, पुरी, बनारस, मे प्रस्तुति देकर कई अवार्ड जीते है। काठमांडु नेपाल में आयोजित 8 वें इंटरनेशनल डांस एवं म्यूजिक फेस्टीवल में इंटरनेशनल श्री अवार्ड एवं म्यूजिक़ फ़ेस्टीवल 2022 में कुरुद की इस नन्ही परी ने अवार्ड जीत कर छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया था। प्रदेश के बाहर बड़े मंचों पर अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन कर पुरुस्कार जितने वाली सिया को नगर सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य जनों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।