धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 2 अक्टूबर। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच गंगरेल बांध से पानी छोडऩे से महानदी के दोनों किनारे के कई गावों में आई बाढ़ से सैकड़ों एकड़ में लगी फसल बर्बाद हो गई है। राजस्व विभाग की टीम खेत, बाड़ी और मकान गिरने से नुकसान का सर्वे करने में जुटी है। सत्तापक्ष ने इस मामले में चुप्पी साध रखी है, लेकिन विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेता पीडि़तों तक जाकर उनके आंसू पोछने में लगे हैं।
ज्ञात हो कि पिछले हप्ते धमतरी जिले में हुई बेतहाशा बारिश के चलते गंगरेल के सभी गेट खोलने पड़े। जिससे महानदी के तटवर्ती इलाके में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई। कुछ दिनों बाद बाढ़ का पानी उतरने के बाद लोगों ने देखा कि उनके खेत की खड़ी फसल बर्बाद हो गई है। नारी, गुदगुदा आदि गाँव के खेत में रेत समा गई है। यही स्थिति नदी के उस पार वाले गाँवों की भी है। विगत वर्षों के भांति इस बार भी कठौली नाला में बाढ़ आ गई थी। जिससे कुरुद राजिम मार्ग में आवागमन बंद करना पड़ा था।
गंगरेल के सभी गेट खुलने से कुरुद विधानसभा के अंतिम क्षोर में स्थित ग्राम पंचायत कठौली, धुमा, मौरी, परसट्टी व पटेवा, दुलना जैसे आसपास गाँव की सैकड़ों एकड़ फसल पानी में डूब गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारणी चन्द्राकर ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। नारी के किसानों ने उन्हें रेत से पटे अपने खेत दिखा खड़ी फसल के नुकसान का मुआवजा दिलवाने की गुहार लगाई। कांग्रेस नेत्री ने प्रशासन को सर्वे कार्य में तेजी लाकर अतिशीघ्र किसानों को राहत प्रदान करने का संदेश दिया है। नारी भठ्ठी से बाढ़ में सरकारी शराब बह जाने की जांच करने पहुंचे तहसीलदार, थानेदार को भी किसानों ने अपने खेत दिखाया।
इस मौके पर पूनेद्रदेव साहू, हेमंत साहू, छत्रपाल, उत्तम, रामजी, ललतू, फिरंगी, बहुर निषाद, गोपाल पटेल, बिसौहा, ओंकार, डोमन साहू आदि ने बताया कि जब से महानदी में दुलना एनिकट बना है, तब से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई है। बांध से पानी छोडऩे पर कठौली, धूमा सहित आसपास गाँवों की करीब एक हजार एकड़ की फसल जलमग्न हो जाती है, और खामियाजा किसानों को उठाना पड़ता है। इस बारे में कुरुद तहसीलदार सूरज बंछोर ने बताया कि महानदी किनारे के गाँव में बाढ़ से हुए नुकसान का आंकलन करने राजस्व अमला निरंतर काम कर रहा है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद ही सही स्थिति का पता चल सकता है।