धमतरी

रंगदारी करने वाले 4 का पुलिस ने निकाला जुलूस
01-Oct-2026 7:12 PM
रंगदारी करने वाले 4 का पुलिस ने निकाला जुलूस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 1 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत कुरूद पुलिस नित नए प्रयोग कर रही है। गोली-गांजा, शराब और गुण्डागर्दी करने वाले असमाजिक तत्वों के गले में तख्ती डाल सडक़ों पर परेड कराई जा रही है। दिलचस्प बात यह है कि जनता पुलिस के इस नए रूप का स्वागत कर रही है। 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 28 सितंबर को ग्राम डांडेसरा में भूलेन्द्र साहू, कृष सेन, राहुल और उमाकांत कंवर ने गजेन्द्र साहू के घर जाकर गाली गलौज करते हुए शराब पीने के लिए हजार रूपये की मांग करने लगे। पैसे नहीं मिलने पर वे सभी मारपीट करने लगे। चीख पुकार सुन मदद को आये पड़ोसियों को देख चारों बदमाश भाग खड़े हुए।

 पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत उमाकांत, राहुल कंवर, कृष सेन और भूलेंद्र साहू सभी निवासी डंडेसरा को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। पहले डांडेसरा में जुलूस निकाला, फिर थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुरुद की सडक़ों पर चारों युवकों के गले में तख्तियां लटकाकर पैदल भ्रमण कराया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

ज्ञात हो कि अपराधियों एवं अवैध कारोबारियों पर नकेल कसने एसपी भावना पांडे एवं एसडीओपी रागनी मिश्रा के मार्गदर्शन में लगातार कार्रवाई की जा रही हैं। इस पुलिसिया कार्रवाई की गांव और शहर में सराहना हो रही है।

 पुलिस के अनुसार इन चार युवकों पर थाना में पहले भी मारपीट, हथियार लहराने तथा लोगों को डराने-धमकाने से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस ने युवकों के पास से डंडा, लोहे की रॉड तथा लोहे से बना दंतिला चक्रनुमा हथियार बरामद किया है।

धमतरी पुलिस द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर निगरानी और वैधानिक कार्रवाई के साथ लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। डंडेसरा में की गई कार्रवाई को इसी अभियान का हिस्सा बताया गया है।


अन्य पोस्ट