धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 29 सितंबर। पानी में डूबने से महानदी मेघा एवं धमतरी की दो अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। इन हादसों ने बारिश के दौरान खुले और असुरक्षित नालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मेघा के बाढ़ में बही छात्रा का शव करीब 70 घंटे, बागतराई के नाले में फंसे मासूम की लाश 25 घंटे और बठेनापारा धमतरी के पानी टंकी में डूबी महिला का शव अगले दिन बरामद किया गया।
ज्ञात हो कि 26 सितम्बर को बाढ़ का बहाव देखने गई सातवीं कक्षा की छात्रा तराना पिता उदेराम निषाद मेघा में स्थित एक पेट्रोल पंप के आगे खुले नाले में समा गई। छात्रा के बहने के बाद एसडीआरएफ टीम सहित स्थानीय स्तर पर तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना के बाद ग्रामीणों ने पंप संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खुले नाले को इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया था। करीब 70 घंटे बाद मंगलवार को12 वर्षीय छात्रा का शव सौंगा-परखंदा क्षेत्र के नदी टापू में मिला। इस खबर से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
इसी तरह की धमतरी के सोरीद-बागतराई नाले में रविवार शाम भर्रीपारा निवासी लक्ष्य साहू 8 वर्षीय खेलते-खेलते उफनते नाले में गिर बह गया। हादसे के बाद से ही नगर निगम, पुलिस, एसडीआरएफ और नगर सैनिकों की गोताखोर टीम बच्चे की तलाश में जुटी हुई थी। सोमवार शाम सर्चिंग के दौरान बच्चे का शव पुल के हिस्से में फंसा दिखा। शव को बाहर निकालने के लिए चैन माउंटेड और हैमर मशीन से पुल को तोड़ा गया। तब करीब 25 घंटे बाद मासूम का शव बरामद किया गया। कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।
एक अन्य घटना में पानी निकलते समय महिला सिर के बल जमीन पर बनी पानी टंकी में गिर गई। इस घटना में उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार धमतरी बठेनापारा निवासी पूर्णिमा ध्रुव पति गयाराम (46) रविवार की शाम घर के पास की टंकी से पानी निकाल रही थी। तभी फिसल कर सिर के बल टंकी में गिर गई। जिससे उसकी मौत हो गई। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी उनके परिजनों व सिटी कोतवाली को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को टंकी से बाहर निकलवा पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।