धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 27 सितंबर। दिल दहला देने वाले कानफोड़ू डीजे एवं धुमाल के तेज शोर के बीच निकली कुछ विसर्जन झांकियां दर्शकों का ध्यान खींचने में सफल रही। सामाजिक कुरीतियां और व्यवस्थागत खामियों पर फोकस करने की जगह बहुत सी समितियों ने पौराणिक कथाओं को ही विषय बनाया।
अनुबम गणेशोत्सव समिति ने छत्तीसगढ़ की बड़ी नक्सल समस्या को चित्रित कर नक्सलियों के समर्पण और सरकार द्वारा उनके पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयास की सराहना करते हुए सुरक्षित समाज समृद्ध छत्तीसगढ़ का संदेश दिया।
बारिश के चलते इस बार एक दिन बाद निकली गणेश विसर्जन झांकी को लेकर आयोजकों में पहले जैसी प्रतिस्पर्धा नजर नहीं आई। अधिकांश समितियों का फोकस डीजे-धूमाल और नाच गाने में अधिक रहा। इसकी एक वजह विगत दिनों हो रही बरसात भी हो सकती है, जिसके चलते उन्हें तैयारी का मौका नहीं मिला। वजह जो भी हो लेकिन इस बार पर्यावरण, नशा उन्मूलन, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सामाजिक कूरीतियों पर आधारित विषयों पर फोकस नहीं किया गया।
इस बार की झांकियों में नक्सलियों का पुनर्वास, लाल-बाल-पाल द्वारा गणेशोत्सव प्रारंभ करने, आशीर्वाद परिवार, बाली-सुग्रीव युद्ध, नवगुंजरा के नौ अंगों का प्रतीकात्मक अर्थ, वीर बर्बरी द्वारा शीश अर्पण की झांकी प्रमुख रही। कुछ समितियों ने तो भगवान गणेश के मनभावन रूपों को ही झांकियों की तरह पेश कर कानफोडू डीजे-धूमाल में खूब धन लुटाया। जिसके कारण इस बार दर्शकों को कम झांकी देखने को मिली। स्वागत के लिए पुराना बाजार में दो मंच सजे थे। एक में नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर, बोलबम सेवा समिति अध्यक्ष भानु चंद्राकर, प्रवीण केला, थानेश्वर तारक, केवल चन्द्राकर, बादल, केशव, शेखर चन्द्राकर एवं पार्षद दल ने फूल बरसा कर स्वागत किया। दूसरे मंच पर अनुराग चंद्राकर, भूपेन्द्र सिन्हा, करण नाग आदि युवा ने पुष्प वर्षा कर झांकियों का स्वागत किया। किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने एसडीओपी रागणी मिश्रा, टीआई कमलेश ठाकुर पुलिस बल के साथ चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए थे।