धमतरी

एसडीआरएफ ने बाढ़ में फंसे कईयों को सुरक्षित निकाला, 2 के बहने की खबर
26-Sep-2026 5:47 PM
एसडीआरएफ ने बाढ़ में फंसे कईयों को सुरक्षित निकाला, 2 के बहने की खबर

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 कुरुद, 26 सितंबर। धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश और जलभराव की स्थिति के बीच जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। जिसके तहत कुरुद विकासखंड के अलग अलग स्थानों में फंसे लोगों का बचाव कर सुरक्षित स्थान में पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव कार्य में एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस एवं राजस्व अमला दिन रात लगा हुआ है।

लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में जलभराव बढऩे से सिरसिदा स्थित मारुति धाम में कल शाम से फंसे पुजारी को आज सुबह एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित गांव तक पहुंचाया। ग्राम नारी स्थित शराब दुकान परिसर में बाढ़ के पानी के कारण कुछ लोग फंस गए थे। जिन्हें एसडीआरएफ रायपुर की टीम ने बचाव कर सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसी तरह मगरलोड क्षेत्र के लोमश ऋषि आश्रम में बाढ़ में फंसे 9 लोगों को पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। ग्राम चंद्रसूर क्षेत्र में बाढ़ के बीच फंसे दो व्यक्तियों की  रेस्क्यू टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सुरक्षित बाहर निकालकर राहत प्रदान की।

इसके अलावा नगरी क्षेत्र के एक सेवानिवृत्त वनकर्मी के लापता एवं मेघा में एक मासूम छात्रा के पानी में बह जाने की खबर है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।  कुरुद एसडीएम नभसिंह कोसले, तहसीलदार सूरज बंझोर कल रात से ही नदी किनारे के गाँवों में जाकर मैदानी अमले के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। चार दिनों से लगातार हो रही बारिश और सभी बांधों के गेट खुलने से क्षेत्र के कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन गया है। मेघा, राजिम भखारा जाने वाले कई रास्ते आवागमन के लिए बंद हो गये। ग्रामीण क्षेत्र के छोटे पुल पुलिए भी उफान पर हैं। जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

 प्रशासन ने आंगनबाड़ी और स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। शनिवार को बरसात थमने और धूप निकलने से लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, नाले एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला कंट्रोल रूम से संपर्क करें।


अन्य पोस्ट