धमतरी

वर्षा ने रोका गणेश विसर्जन, आज निकलेगी 19 झांकी
26-Sep-2026 4:25 PM
वर्षा ने रोका गणेश विसर्जन, आज निकलेगी 19 झांकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 26 सितंबर। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते इस बार कुरुद की 21 में से 19 गणेश विसर्जन झांकी शुक्रवार रात को नहीं निकल सकी। शनिवार सुबह मौसम खुलने पर 2 समितियों ने नाचते कूदते विघ्नहर्ता का विसर्जन किया। शेष झांकियां 26 सितम्बर की रात निकाली जाएगी। इसमें भी डीजे और बैंड वालों के साथ बुकिंग डेट की समस्या आ रही है। जिसे मैनेज करने समिति वाले लगे हुए हैं। बिजली और पुलिस विभाग नये सिरे से अपनी तैयारी को दुरुस्त करने में लगे हैं।

गौरतलब हैं कि इस बार भारी बारिश के चलते कुरूद में गणेश विसर्जन झांकियां निर्धारित तिथि में शुक्रवार रात में नहीं निकाली जा सकी। जबकि शाम से ही नगर के विभिन्न गणेश पंडालों में विसर्जन पूर्व महाआरती और पूर्णाहुति हवन पश्चात बप्पा को बिदाई देने की तैयारी होने लगी, लेकिन अनवरत वर्षा को देखते हुए सभी समितियों ने बैठक कर शनिवार रात को झांकी निकालने का निर्णय लिया। लेकिन यादगार गणेशोत्सव और इंदिरा नगर गणेशोत्सव समिति ने सुबह के समय ही बाजे गाजे के साथ झांकी के साथ गणेश विसर्जन कर दिया।

बताया गया है कि इस बार 21 समितियों ने विसर्जन झांकी निकालने की बात पुलिस और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में की थी। जिसमें रुट और तमाम नियम कायदे की जानकारी आयोजकों को देकर 25 सितम्बर की रात झांकी निकालने पर सहमति बनी थी। बोल बम सेवा समिति, आजाद हिंदू युवा मंच सहित चार संगठनों को अलग अलग स्थान पर स्वागत मंच बनाने की अनुमति प्रदान की गई थी। परन्तु बिगड़े मौसम ने सभी तैयारियों पर पानी फेर दिया। शनिवार रात में अब 19 विसर्जन झांकी निकलेगी, इसमें भी समितियों के सामने डीजे और बैंड वालों के साथ बुकिंग डेट की समस्या आ रही है। क्योंकि इन्हें 25 तारीख के लिए तय किया गया था। 26 को वे कहीं और की बुकिंग ले चुके हैं। इन्ही सब समस्या से समिति प्रमुखों को जुझना पड़ रहा है।  बोल बम सेवा समिति प्रमुख भानु चन्द्राकर ने कहा कि कुदरत के सामने किसका बस चलता है, हमारे पास 21 समितियों द्वारा विसर्जन झांकी निकालने का प्रस्ताव आया था। जिसमें से 2 झांकी निकल गई, शेष 19 गणेश समितियों द्वारा शनिवार रात को पूरे उत्साह के साथ नयनाभिराम झांकियां निकाली जाएगी। उनके लिए पुराने बाजार में भव्य स्वागत मंच बनाया गया है। बहरहाल तिथि परिवर्तन से विसर्जन झांकी देखने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र से उमडऩे वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन को तथा बार बार फाल्ट की समस्या से जुझ रहे विद्युत विभाग के अधिकारियों को अपनी तैयारी दुरुस्त करने का एक और मौका मिल गया है।


अन्य पोस्ट