धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 25 सितंबर। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश और अधिक नमी के चलते धान की फसल में कीट एवं रोग प्रकोप की आशंका बढ़ गई है। जिसे देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को फसल का नियमित निरीक्षण करने एवं कीटव्याधि से निपटने विभागीय अधिकारियों के संपर्क में रहने की सामयिक सलाह जारी कर है।
ज्ञात हो कि धमतरी जिला में खरीफ वर्ष 2026 में 1.39 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान की फसल ली गई है। वर्तमान में अधिकांश क्षेत्रों में धान की फसल कंसे निकलने से लेकर बालियां आने की अवस्था में है। पिछले दिनों से हो रही लगातार वर्षा से वातावरण में अधिक नमी के कारण धान की फसल में कीट एवं रोग प्रकोप की आशंका बढ़ गई है।
कृषि विभाग ने किसानों से प्रतिदिन खेत का भ्रमण कर फसल का बारीकी से अवलोकन करने एवं यदि कीटव्याधि से बचाव हेतु कृषि विभाग के मैदानी अमले अथवा कृषि वैज्ञानिकों की सलाह से तत्काल नियंत्रण के उपाय अपनाने की बात कही है। तना छेदक, भूरा माहू, पत्ता मोडक़, ब्लास्ट रोग, पेनिकल माइट, झुलसा आदि बीमारियों के लक्षण, अविधि और रोकथाम के लिए उपयोग में आने वाली दवाई की जानकारी दी है। कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि कीटनाशक एवं फूंदनाशक का छिडक़ाव सुबह या शाम के समय ही करें। दवाओं की अनुशंसित मात्रा का ही उपयोग करें तथा डिब्बे पर दिए गए निर्देशों और सुरक्षा सावधानियों का पालन करें। किसी भी दवा का प्रयोग कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार ही करें। अधिक जानकारी के लिए किसान कॉल सेंटर पर संपर्क किया जा सकता है।