धमतरी

महिलाओं की भागीदारी से ही मजबूत होगा गांव का लोकतंत्र-विरेन्द्र साहू
25-Sep-2026 3:28 PM
महिलाओं की भागीदारी से ही मजबूत  होगा गांव का लोकतंत्र-विरेन्द्र साहू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 25 सितंबर। मगरलोड महिला बिहान समूह के तत्वावधान में जेंडर सभा एवं छोटी संसद का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं के अधिकार, समान अवसर, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, पोषण, आर्थिक आत्मनिर्भरता एवं ग्राम विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मगरलोड जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने कहा कि महिलाएं केवल परिवार की आधारशिला नहीं, बल्कि समाज और गांव के विकास की मजबूत शक्ति हैं। जिस गांव की महिलाएं जागरूक, आत्मनिर्भर और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय हों, उस गांव के विकास को नई दिशा मिलती है। श्री साहू ने कहा कि ‘छोटी संसद’ महिलाओं को अपनी बात खुलकर रखने, समस्याओं पर चर्चा करने और समाधान के लिए सामूहिक रूप से आगे बढऩे का महत्वपूर्ण मंच है। लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी बात रखना, सवाल पूछना और विकास के निर्णयों में भागीदारी करना भी लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, रोजगार तथा आर्थिक स्वावलंबन जैसे विषयों पर समाज को मिलकर काम करना होगा। बिहान समूहों ने ग्रामीण महिलाओं को बचत और आजीविका से जोडऩे के साथ-साथ नेतृत्व एवं सामाजिक जागरूकता की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

जनपद सदस्य डुगेश्वारी साहू, हेमलता ध्रुव, सरपंच प्रियंका साहू, नवीना साहू, रामचरण साहू, केवल वर्मा ने अपने अनुभव एवं विचार साझा करते हुए गांव में महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही महिला सम्मान, समान अवसर, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित बोर्झा, बीएमओ डॉ.शारदा ठाकुर, महिला बाल विकास अधिकारी सुमित गांडेचा ने कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए कहा कि आज महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ-साथ पंचायत, ग्रामसभा और सामाजिक विकास के निर्णयों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। जेंडर सभा एवं छोटी संसद जैसे आयोजन महिलाओं को अपनी आवाज बुलंद करने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक कमल कुजूर, ललित साहू, अजय सिंह, टुकेश्वरी साहू, धर्मीला सोरी सहित बिहान समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।


अन्य पोस्ट