धमतरी

कुरुद विधायक ने सुप्रिया श्रीनेत व नेहा सिंह राठौर के खिलाफ किया मानहानि का दावा
22-Sep-2026 7:23 PM
कुरुद विधायक ने सुप्रिया श्रीनेत व नेहा सिंह राठौर के खिलाफ किया मानहानि का दावा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 22 सितंबर। भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग के एक पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस समारोह से जोडक़र प्रसारित करने के मामले में कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने धमतरी न्यायालय में याचिका दायर की है। उन्होंने कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ मानहानि का दावा पेश किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को धमतरी के जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अजय चंद्राकर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें दावा किया गया कि ध्वजारोहण समारोह में राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर भाजपा का ध्वज फहराया गया है।

अजय चंद्राकर के अनुसार, संबंधित वीडियो मार्च 2026 में कुरुद में आयोजित भाजपा के जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का था, जिसमें पार्टी की व्यवस्था के तहत भाजपा का ध्वज फहराया गया था। घटना के समय भाजपा नेताओं ने संबंधित चैनल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

अदालत में याचिका दायर करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस वीडियो को साझा कर उनकी राजनीतिक और सामाजिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि फर्जी दावों और भ्रामक जानकारियों के प्रसार को रोकने के लिए कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।


अन्य पोस्ट