धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 22 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बालिका सशक्तिकरण एवं प्रेरणा हेतु आयोजित बालिका साइकिल रैली और संवाद कार्यक्रम ने बेटियों को अपने सपनों को पहचान कर लक्ष्य में बदलने और पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा दी। सोमवार शाम की खुली हवा में साइकिल के पहियों के साथ जब बेटियां रुद्री से गंगरेल की ओर आगे बढ़ीं, तो उनके साथ आत्मविश्वास, साहस और आत्मनिर्भरता का संदेश भी आगे बढ़ता गया।
धमतरी के रुद्री से शुरू हुई साइकिल रैली को एसडीएम पीयूष तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिसमें प्रसिद्ध पर्वतारोही एवं सोलो साइकिलिस्ट समीरा खान के साथ बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। जिनके चेहरों पर उत्साह और आंखों में भविष्य के सपनों की चमक साफ दिखाई दे रही थी। गंगरेल तक साइकिल चलाते हुए बालिकाओं ने स्वस्थ जीवनशैली, आत्मविश्वास, समान अवसर और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। बार्डिया लेक व्यू में बालिकाओं से संवाद करते हुए प्रसिद्ध पर्वतारोही एवं एकल साइकिल यात्री समीरा खान ने अपने जीवन, यात्राओं और चुनौतियों के अनुभव साझा करते हुए बताया कि जीवन में आगे बढऩे के लिए जरूरी है कि व्यक्ति अपने भीतर के आत्मविश्वास को पहचाने और सपनों के लिए निरंतर प्रयास करता रहे।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि जो अच्छा लगे, उसे करने का साहस रखें और यदि कोई बात या व्यवहार गलत लगे तो उसके विरुद्ध आवाज उठाने से पीछे न हटें। सुश्री खान ने कहा कि सामाजिक और पारंपरिक मान्यताओं के नाम पर यदि किसी लडक़ी की इच्छा के विरुद्ध कोई निर्णय थोपा जा रहा हो, तो उसका विरोध करने का साहस होना चाहिए। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा, रोजगार, खेल, साहसिक गतिविधियों और नेतृत्व सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढऩे के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बेटियों के सपनों की कोई सीमा नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें अवसर, प्रोत्साहन और स्वयं पर विश्वास करने की है। जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने कहा कि बेटियां अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को पहचानें तथा अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ें। जिला प्रशासन अवसरों से जोडऩे और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग कराने प्रतिबद्ध है। संवाद कार्यक्रम में धमतरी की बेटी एवं दिव्यांग खिलाड़ी चंचल सोनी ने बताया कि पर्वतारोहण उनका सपना था, जिसे उन्होंने दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से पूरा किया। वे तीरंदाजी में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी हैं। अन्य छात्राओं ने भी यह संदेश दिया कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, दृढ़ संकल्प, मेहनत और निरंतर प्रयास से लक्ष्य की ओर आगे बढ़ा जा सकता है।