धमतरी
विधायक अजय ने किया कुरूद पॉडकास्ट स्टूडियो का शुभारंभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 20 सितंबर। धमतरी जिला पर्यटन के लिहाज से असीम संभावनाओं से भरा है। यहां गंगरेल सहित अन्य जलाशय, पहाड़ी क्षेत्र, धार्मिक स्थल, वन एवं जैव विविधता, आदिवासी संस्कृति, स्थानीय व्यंजन और ग्रामीण जीवन पर्यटकों तथा कंटेंट क्रिएटर्स के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं। इन विशेषताओं को रचनात्मक तरीके से डिजिटल माध्यम पर पेश कर पिकनिक स्पॉट के रूप मे स्थापित किया जा सकता है। उक्त बातें विधायक अजय चन्द्राकर ने कुरुद में पॉडकास्ट स्टूडियो का शुभारंभ करते हुए कही।
अजय फाउंडेशन में 19 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वर्तमान विधायक अजय चंद्राकर ने बताया कि दुनिया तेजी से बदल रही है, साथ ही संवाद के माध्यम भी बदला है। किसी क्षेत्र की पहचान विकास कार्यों से नहीं, बल्कि वहां की सोच, भाषा और परंपराओं से बनती है। स्थानीय लोग अपने और समाज के भविष्य को लेकर क्या सोचते हैं, यह सामने आना जरूरी है। इसके लिए युवाओं को कंटेंट क्रिएशन, डिजिटल और सोशल मीडिया मार्केटिंग जैसे नए क्षेत्रों में आगे बढऩे के लिए कंटेंट क्रिएटर्स को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुरूद में यूट्यूब रूम तैयार किया गया है। आने वाले समय में कंटेंट क्रिएशन और डिजिटल मीडिया का क्षेत्र युवाओं के लिए बड़ा अवसर बन सकता है। बदलते रोजगार परिवेश में कंटेंट क्रिएशन, वीडियो निर्माण, पॉडकास्टिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग और एंकरिंग जैसे क्षेत्र युवाओं के लिए कौशल विकास और नए करियर विकल्प सामने ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को पारंपरिक रोजगार के दायरे तक सीमित रखने के बजाय उन्हें इन नए क्षेत्रों के लिए तैयार करना समय की मांग है, ताकि वे बदलते बाजार के अनुसार खुद को ढाल सकें। साथ ही उन्होंने पारंपरिक हुनर को नजऱअंदाज न करते हुए उसे आधुनिक तकनीक और बाजार की जरूरतों से जोडऩे की आवश्यकता भी बताई, जिससे स्थानीय प्रतिभा को अपने ही क्षेत्र में बड़ा अवसर मिल सके। पर्यटन स्थलों के विकास से स्थानीय युवाओं को पर्यटन आधारित गाइड, फूड एवं हस्तशिल्प, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, एडिटिंग सहित अनेक क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।
पर्यटन बढऩे से होम-स्टे, स्थानीय परिवहन को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय इतिहास, लोक-परंपराएं और सामाजिक स्मृतियां अब तक अधिकांशत: मौखिक रूप में ही सीमित रही हैं। इन्हें दस्तावेज के रूप में डिजिटल माध्यम से सुरक्षित किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढिय़ां भी इन्हें जान और समझ सकें। उनके अनुसार, यह कार्य केवल संरक्षण तक सीमित नहीं बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक मंच तक पहुंचाने का भी जरिया बन सकता है।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, मिलर्स राहुल महावर, अनिल चंद्राकर, राजकुमार बजाज, रविकांत चंद्राकर, डॉ.प्रदीप हिशीकर, मनीष अग्रवाल, इमरान बेग, प्रसन्न नायडू, हरिशंकर सोनवानी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।