धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 21 अगस्त। अभनपुर परिक्षेत्र साहू समाज के तत्वावधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें राजिम भक्तिन माता मंदिर समिति राजिम की उपाध्यक्ष शारदा लोकनाथ साहू को उनके सामाजिक दायित्व एवं नई जिम्मेदारी के लिए स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समाजिक पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कुरूद की पूर्व जनपद अध्यक्ष शारदा लोकनाथ साहू ने कहा कि समाज द्वारा दिया गया यह सम्मान उनके लिए गौरव के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि समाज ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगी। समाज की एकजुटता, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक विकास तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति संगठन के साथ जुडक़र अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने सम्मान के लिए परिक्षेत्र साहू समाज अभनपुर के सभी पदाधिकारियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला साहू संघ रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष हिरामन साहू, उपाध्यक्ष पोषणलाल साहू, धनमति साहू, राजिम भक्तिन माता मंदिर समिति अध्यक्ष लालाराम साहू, उपाध्यक्ष डॉ. आलोक चंद्रिका साहू सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे। परिक्षेत्र साहू समाज अभनपुर के समाजजनों ने इस आयोजन के माध्यम से नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान कर सामाजिक एकजुटता और संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया है।