धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 16 अगस्त। जिला मुख्यालय धमतरी में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और उत्साह के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, राष्ट्रगान के बाद उन्होंने शांति एवं स्वतंत्रता के प्रतीक तीन रंगों के गुब्बारों आकाश में छोड़ा। श्री चंद्राकर ने परेड का निरीक्षण कर विभिन्न टुकडिय़ों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी ली और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जनता के नाम संदेश का वाचन किया।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में पारंपरिक परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ घुड़सवारी के हैरतअंगेज करतब विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा समारोह में 12 टोलियों ने हिस्सा लिया। जिसमें 4 टोली शस्त्र सहित और 8 टोली स्कूली एनसीसी, एनएसएस की टुकड़ी शामिल थी।
मुख्य अतिथि कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर उनका सम्मान किया। उन्होंने उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर राष्ट्र की स्वतंत्रता और देश की रक्षा में उनके अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। परेड की अनुशासनबद्ध प्रस्तुति, विद्यार्थियों की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और घुड़सवारों के रोमांचकारी करतबों ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को विशेष और यादगार बना दिया।
समारोह में विधायक ओंकार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सर्वा, महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इसी प्रकार जिले के विभिन्न शासकीय संस्थानों में विभाग प्रमुखों ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी।
जिला जनसंपर्क कार्यालय में उप संचालक जनसंपर्क शशिरत्न पाराशर ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अमित नूरेवाल, गणेशराम धुर्व, अरुणा, तारा सहित महिला एवं बाल विकास परियोजना, आरईएस,पीएचई आदि विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे ।