धमतरी

एग्रीस्टैक पंजीयन की धीमी गति देख भडक़े राजस्व अधिकारी
11-Aug-2026 7:12 PM
एग्रीस्टैक पंजीयन की धीमी गति देख भडक़े राजस्व अधिकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 11 अगस्त। कुरुद अनुविभाग के राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरण, नक्शा बटांकन, मॉडर्न रिकॉर्ड रूम की प्रगति, स्वामित्व योजना, एग्रीस्टेक, ऑटो डायवर्सन की प्रगति, रक्षा मंत्रालय की भूमियों का नामांतरण, नगरीय निकाय में पट्टा वितरण हेतु सर्वे कार्य की प्रगति, मुख्यमंत्री जनदर्शन पोर्टल के लंबित प्रकरण जैसे बिन्दुओं की समीक्षा करते हुए कुरुद एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों की जमकर क्लास ली। इसका असर अगले ही दिन से दिखने लगा, अफसर अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय हो गए हैं।

सोमवार को कुरुद जनपद के सभाकक्ष में एसडीएम नभसिंह कोसले ने राजस्व, कृषि, पंचायत, सहकारिता आदि विभागों के कामकाज की समीक्षा करते हुए लापरवाह अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। बैठक में तहसीलवार एग्रीस्टैक पंजीयन की समीक्षा की गई। कुरूद तहसील में 36,497 से 23,790 का पंजीयन पूर्ण तथा 12,707 शेष पाया गया। भखारा में कुल 27,803 किसानों में से 20,540 का पंजीयन पूर्ण तथा 7,263 शेष। मगरलोड में 29,876 किसानों में से 20,818 का पंजीयन पूर्ण तथा 9,058 शेष पाए गए। इन आंकड़ों को देख भडक़े राजस्व अधिकारी ने अपने अधिनस्थ अफसरों को शेष किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन जल्द पूर्ण कराने, विशेष रूप से सह-खातेदारों की लंबित पेंडेंसी का शीघ्र निराकरण करने का निर्देश दिया।

इस कार्य में राजस्व विभाग, कृषि विभाग के अलावा पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, कोटवार तथा प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों के प्रबंधक एवं ऑपरेटर को जिम्मेदारी दी गई। एसडीएम ने सभी प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों को कॉल सेंटर के रूप में कार्य करते हुए किसानों को फोन कर पंजीयन हेतु सूचित करने के निर्देश दिया। बैठक में राजस्व विभाग के एक साल से लंबित प्रकरणों का निराकरण एवं करगा में प्रस्तावित सैनिक स्कूल की भूमि का मामला भी उठा। जिसका शीघ्र निपटारा करने की समझाईश दी गई।

एसडीएम नभसिंह कोसले ने कहा कि एग्रीस्टैक के माध्यम से किसानों का डिजिटल डाटाबेस तैयार होने से कृषि योजनाओं और सेवाओं को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पात्र किसानों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। हमारा प्रयास होना चाहिए कि कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं मैदानी अमले को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसानों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इस मौके पर तहसीलदार सुरज बंझोर, भूपेश चन्द्राकर, मनोज भारद्वाज, सीईओ अमीत सेन, कृषि विभाग के एसएडीओ जितेन्द्र सोनकर, सुनिता टंडन आदि मौजूद थे।


अन्य पोस्ट