धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 9 अगस्त। शासकीय हाईस्कूल भखारा से व्याख्याता के पद से सेवानिवृत्त लक्ष्मण साहू के निधन के बाद परिजनों ने उनकी इच्छा का सम्मान करते नेत्रदान किया। ज्ञात हो कि लक्ष्मण साहू ने नेत्रदान का संकल्प लिया था।
कोलियरी निवासी लक्ष्मण साहू के निधन के पश्चात परिजनों ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए दोनों आंखों का नेत्रदान कराया। कुरूद विकासखंड नोडल अधिकारी अंधत्व डॉ. क्षितिज साहू एव ब्लॉक नेत्रदान अधिकारी डॉ. लोमेश कुर्रे, वरिष्ठ नेत्रदान अधिकारी चितेश साहू, नेत्र चिकित्सा सहा. अधिकारी कुमार जानू द्वारा नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी की गई।
ग्रामीणों ने इस पुनीत पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षक की आंखें जरूरतमंद लोगों के जीवन में रोशनी देने का माध्यम बनेंगी।
जिला नोडल अधिकारी डॉ. राजेश सूर्यवंशी, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. हेमराज देवांगन, जिला सहा. नोडल अधिकारी डॉ. गुरुषण साहू ने बताया कि लक्ष्मण साहू का यह निर्णय समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला है। उनके परिजनों ने भी इस कठिन समय में नेत्रदान का निर्णय लेकर मानवता की मिसाल पेश की।