धमतरी

स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने सप्ताह भर कार्यक्रम
07-Aug-2026 6:35 PM
स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाने सप्ताह भर कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 7 अगस्त। विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्तनपान के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं शिशुओं के स्वस्थ विकास को प्रोत्साहित करने नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें शिशुवती तथा गर्भवती महिलाओं को स्तनपान, सुपोषण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

शुक्रवार को नगर पंचायत भखारा में विश्व स्तनपान सप्ताह कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन, जनपद सभापति सिंधु बैस के करकमलों से किया गया। उन्होंने कहा गया कि मां का दूध बच्चों के लिए सुरक्षा कवच के जैसे काम करता है। माताओं और बच्चों को स्वस्थ रहने के लिए स्तनपान बहुत जरूरी है। महिला बाल विकास विभाग के सभापति सिंधु बैस ने बताया कि स्तनपान करने से महिलाओं को और बच्चों को कई प्रकार की बीमारियां नहीं होती।

माताओं को शिशु के जन्म के प्रथम घंटे के भीतर स्तनपान प्रारंभ करने, जन्म से 6 माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा 6 माह के बाद पूरक आहार के साथ 2 वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया। परियोजना अधिकारी सरिता कुशवाहा ने विभागीय योजनाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में बच्चों का अन्नप्राशन, स्वस्थ बच्चा पुरस्कार, बच्चों के द्वारा नृत्य की प्रस्तुति दी गई। जिन्हें अतिथियों ने स्लेट, बाटल, खिलौने, कलर पेंसिल भेंट किया गया।  इस मौके पर पार्षद अंजू साहू, चांदनी साहू, खेमलता साहू, भारती साहू, प्रियंका गंजीर, ममता साहू आदि मौजूद थीं।

इसी तरह मंदरौद और सेलदीप के आंगनबाड़ी केन्द्र में स्तनपान सप्ताह का आयोजन किया गया। जिसमें स्तनपान से शिशु को होने वाले लाभ, पोषण, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि, संक्रमण से सुरक्षा एवं स्वस्थ शारीरिक एवं मानसिक विकास के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही प्रसवोत्तर स्वास्थ्य लाभ, माँ-शिशु के भावनात्मक संबंध को सुदृढ़ करना तथा शिशु के समुचित विकास के बारे में बताया गया। इसके अतिरिक्त माताओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, स्वच्छता बनाए रखने तथा शिशु के उचित पोषण एवं देखभाल की जिम्मेदारी निभाने हेतु प्रेरित किया गया।


अन्य पोस्ट