धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 6 अगस्त। विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा अभियान के तहत धमतरी जिले में 100 सप्ताह तक जनजागरूकता गतिविधियां चलाई जाएगी। इसके लिए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नशामुक्ति अभियान के प्रभावी संचालन एवं जनभागीदारी को बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न स्वयंसेवी एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के अधिकारीयों की समीक्षा बैठक ली।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आहुत बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि हम अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने में सफल होंगे, तो धमतरी को एक स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त जिला बनाने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकेगा। उन्होंने सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं से इस जनअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा ’ अभियान के अंतर्गत जिले में आगामी 100 सप्ताह तक सतत एवं चरणबद्ध जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस अवधि में विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, युवा एवं महिला समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के समन्वय से नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नशामुक्ति का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और यह अभियान एक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सके।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक रविवार को सोशल मीडिया, जनसंपर्क माध्यमों एवं स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। स्कूलों एवं महाविद्यालयों में चित्रकला, निबंध, भाषण, रैली, वॉल पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक, फिजिकल ट्रेनिंग, सेल्फ डिफेंस, मोबाइल एडिक्शन जागरूकता, योग एवं परामर्श सत्र जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही युवाओं, पालकों और शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित कर नशे के दुष्परिणामों के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित की जाएगी। बैठक में अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने, विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करने तथा सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता से प्रत्येक विकासखंड में प्रभावी गतिविधियां आयोजित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।