धमतरी

कुरूद में गुरु रविदास की कलश यात्रा का स्वागत
05-Aug-2026 3:10 PM
कुरूद में गुरु रविदास की कलश यात्रा का स्वागत

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 5 अगस्त। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती को धमतरी जिले के सभी 14 मंडलों में पूरे श्रद्धा सम्मान के साथ मनाने रायपुर से कलश यात्रा धमतरी के लिए रवाना हुई। जिसका कुरूद में भव्य स्वागत किया गया। विधायक अजय चन्द्राकर सहित अन्य वक्ताओं ने मन चंगा तो कठौती में गंगा का उदगार देने वाले संत की महिमा बताई।

मंगलवार को कुरूद विधानसभा के ग्राम पंचायत दरबा और भाठागांव में कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। दरबा में आयोजित मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर ने संत शिरोमणि के कथन ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ों सब सम बसें, रविदास रहे प्रसन्न का उल्लेख करते हुए कहा कि संत रविदास का जीवन एवं उनके विचार संपूर्ण समाज को एकता, प्रेम, करुणा और सद्भाव का मार्ग दिखाते हैं। उनके दिखाए रास्ते पर चलकर हम एक समरस और सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं।

नपाध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने गुरु रविदास की 650वीं जयंती अवसर पर कलश यात्रा का श्रद्धापूर्वक पूजा अर्चना कर संत रविदास के प्रसिद्ध वचन मन चंगा तो कठौती में गंगा का उल्लेख करते हुए बताया कि सच्ची भक्ति बाहरी आडंबर में नहीं, बल्कि निर्मल मन और श्रेष्ठ आचरण में निहित है। भक्ति मार्ग समाज को जोडऩे, संस्कार देने और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है।

सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने कहा कि कुरूद विधानसभा में 11 अगस्त को चारों भाजपा मंडल में कलश यात्रा के माध्यम से संत शिरोमणि की जयंती मनाई जाएगी। जिसके तहत कुरूद मंडल के ग्राम बंगोली, भखारा के गातापार, सिर्री के अछोटी और मेघा मंडल के ग्राम बड़ी करेली में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, धमतरी महापौर रामू रोहरा, शशि पवार,तिलोक जैन, सुनिल गायकवाड़, कृष्णकांत साहू, थानेश्वर तारक, हरिशंकर सोनवानी, लोकेश साहू, कुलेश्वर चन्द्राकर, कामता साहू, आदर्श चन्द्राकर, हरिशंकर साहू, चन्द्रशेखर, हिमांशु, रामस्वरूप, पुष्पेंद्र, योगेश, पुष्पलता, प्रेमचंद साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट