धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 3 अगस्त। नशामुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान’ में शामिल हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने नशामुक्ति का संदेश लेकर साइकिल से नेपाल तक की यात्रा करने वाले चर्रा कुरूद के युवा तुलसीराम साहू को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मराठा मंगल भवन धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और यही युवा शक्ति विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त, शिक्षित, तकनीक-सक्षम और नवाचार को अपनाने वाला युवा ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव तैयार करेगा।
उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, अनुशासन, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढऩे का आग्रह किया। साथ ही सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए स्वस्थ, जागरूक एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कुरूद विकासखंड के ग्राम चर्रा निवासी 35 वर्षीय युवा तुलसीराम साहू को भी सम्मानित किया। जिन्होंने नशामुक्त समाज का संदेश लेकर साइकिल से नेपाल तक की यात्रा की थी। उनके जनजागरण अभियान की सराहना करते हुए मंत्री ने उन्हें 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
उल्लेखनीय है कि तुलसीराम साहू 27 मार्च को धमतरी से नेपाल स्थित राधा स्वामी सत्संग व्यास डेरा के लिए अपनी साइकिल यात्रा पर रवाना हुए थे और लगभग 20 दिनों की यात्रा पूरी कर नेपाल पहुंचकर वहां भी नशामुक्त समाज का संदेश दिया था। इस मौके पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, महापौर रामु रोहरा, कलेक्टर अविनाश मिश्रा आदि मौजूद थे।