धमतरी

अटल प्रतिमा का शिलालेख उखड़ा, परिसर में मवेशियों का जमावड़ा
03-Aug-2026 6:08 PM
अटल प्रतिमा का शिलालेख उखड़ा, परिसर में मवेशियों का जमावड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 3 अगस्त। नगर पंचायत कुरूद द्वारा बनवाए गए अटल परिसर और उसमें लगी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा बदइंतजामी का शिकार हो रही है। रखरखाव के आभाव में शिलालेख उखड़ गया, गंदगी बिखरी हुई है और वहां मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है ।

नगर पंचायत कुरूद द्वारा वाटर फिल्टर प्लांट के पास 20 लाख की लागत से निर्मित अटल परिसर एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण 15 अगस्त 2025 में पूर्व केबिनेट मंत्री अजय चन्द्राकर ने किया था। तब उन्होंने कहा था कि आज मेरे लिए बड़ा सौभाग्य का दिन है जो मैं अपने नगर में उनकी प्रतिमा का अनावरण कर रहा हूँ। लेकिन उसके बाद जिम्मेदार लोगों ने अटल परिसर की सुध लेने की जरूरत नहीं समझी। जिसका लाभ उठा आवारा मवेशी अटल प्रतिमा के ईर्दगिर्द उगी घास खाकर बदले में गोबर देने लगे हैं। प्रतिमा के नीचे लगा शिलालेख उखड़ कर नीचे पड़ा है। आसपास गंदगी पसरी हुई है। जिसे देख अटल जी के चाहने वाले दुखी हैं।

 इस बारे में सीएमओ महेन्द्र गुप्ता ने कहा कि मुझे इस बारे में जानकारी नहीं है, तत्काल ही वहां की व्यवस्था दुरुस्त कर ली जाएगी।


अन्य पोस्ट