धमतरी

275 कावडिय़ों का जत्था बैद्यनाथ धाम रवाना
02-Aug-2026 8:23 PM
275 कावडिय़ों का जत्था बैद्यनाथ धाम रवाना

विधायक-नपाध्यक्ष ने शुभकामनाएं देकर किया विदा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 2 अगस्त। विगत 26 वर्षों से जारी परम्परा को कायम रखते हुए इस बार भी बोल बम सेवा समिति कुरूद के बैनर तले 275 कावडिय़ों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। विधायक अजय चन्द्राकर एवं नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने उन्हें चंडी मंदिर से शुभकामनाएँ देकर बिदा किया।

सावन महोत्सव 2026 के तहत बैद्यनाथ धाम के लिए 1 अगस्त को 130 सदस्यों का जत्था 3 एयर कंडीशनर बसों से रवाना हुआ। जबकि 145 सदस्य ट्रेन से बाबा धाम के लिए निकल चुके हैं।

275 सदस्यों का यह जत्था सावन के पहले सोमवार को गंगा नदी से जल लेकर कांवर यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

 आयोजन समिति प्रमुख भानु चन्द्राकर ने बताया कि संस्था ने 25 वर्षों में 10 हजार से भी ज़्यादा कांवरियों को बैद्यनाथ धाम की यात्रा कराने में सफलता अर्जित की है। शनिवार को चण्डी मंदिर, जलेश्वर महादेव मंदिर से पूजा-अर्चना कर कांवरिये यात्रा के लिए रवाना हुए। तीन अगस्त को सुल्तानगंज गंगा नदी से जल उठाकर सभी कांवर यात्रा प्रारंभ करेंगे, 4 दिनों में 105 किमी की पैदल यात्रा करके गुरुवार को बाबा बैधनाथ मंदिर में एक लोटा जल अर्पित करेंगे। फिर 40 किमी दूर स्थित बाबा बासुकीनाथ मंदिर में दूसरे लोटे का जल चढ़ाएंगे।

उन्होंने बताया कि बोल बम सेवा समिति के माध्यम से बैद्यनाथ मंदिर कुरूद में सावन महोत्सव के तहत हर सोमवार को विशेष आयोजन होगा। आगामी 16 एवं 17 अगस्त को संगीत संध्या का भी प्रोग्राम रखा गया है।


अन्य पोस्ट