धमतरी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कुरुद, 2 अगस्त। धमतरी बॉक्स क्रिकेट मैदान का रविवार को शुभारंभ कर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पिच पर बल्ला थामकर बल्लेबाजी की और आकर्षक शॉट लगाकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। भाजपा नेता और अफसरों ने भी खेल में उनका साथ दिया।
धमतरी शहर के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बॉक्स क्रिकेट मैदान का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने पिच पर स्वयं बल्ला थामकर कई आकर्षक शॉट लगाए। मैदान में मौजूद खिलाडिय़ों एवं खेल प्रेमियों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।
इस मौके पर वित्त मंत्री ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल भवनों, सड़कों और अधोसंरचना से नहीं होती, बल्कि वहां उपलब्ध खेल, संस्कृति और युवा विकास की सुविधाएं भी उसकी प्रगति का महत्वपूर्ण आधार होती है। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि खेल मैदान से जुड़ता है तो वह अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली जैसे गुण भी विकसित करता है। नया बॉक्स क्रिकेट मैदान स्थानीय खिलाडिय़ों को नियमित अभ्यास, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का बेहतर मंच मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री चौधरी ने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का नियमित हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने चरणबद्ध तरीके से विभिन्न खेल अधोसंरचनाओं का विकास किया जा रहा है। आने वाले समय में वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के लिए भी बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे जिले के खिलाडिय़ों को अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए अनुकूल वातावरण प्राप्त होगा।
इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, महापौर रामू रोहरा, सहकारी बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा सहित जनप्रतिनिधिगण, खेल प्रेमी, अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।