धमतरी

नियमित अखबार पढऩे से मिलती है समसामयिक विषयों की जानकारी-अजय
02-Aug-2026 4:27 PM
नियमित अखबार पढऩे से मिलती है समसामयिक विषयों की जानकारी-अजय

कुरूद में हुआ बिहान का एसवीईपी उद्यमिता सम्मेलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 2 अगस्त।
 स्व सहायता समूह अब केवल बचत और ऋण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं उक्त बातें विधायक अजय चन्द्राकर ने बिहान के उद्यमिता सम्मेलन में कही। नपाध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष सहित अधिकारियों ने भी इस विषय पर अपनी बात रखी।
कुरूद रेस्ट हाउस में शनिवार को छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित स्टार्टअप विलेज एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में गैर-कृषि आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने तथा महिला उद्यमिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उद्यमिता सम्मेलन-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अजय चंद्राकर कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में उद्यमिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्व सहायता समूह अब केवल बचत और ऋण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं।
उन्होंने महिलाओं से नवाचार अपनाने, आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने तथा बड़े लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढऩे का आह्वान किया। श्री चन्द्राकर ने महिलाओं से नियमित रूप से समाचार-पत्र पढऩे, समसामयिक विषयों की जानकारी रखने तथा डिजिटल साक्षरता बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि ज्ञान और तकनीकी दक्षता किसी भी उद्यम की सफलता की मजबूत नींव है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने बताया कि महिला सशक्तिकरण सामाजिक विकास और समृद्ध ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है। बिहान के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन आया है। महिलाएं उत्पादन, विपणन, सेवा एवं लघु उद्योगों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं। जनपद पंचायत अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू ने स्वयं सहायता समूहों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि इस योजना के तहत महिलाओं को किराना व्यवसाय, सिलाई-कढ़ाई, डेयरी, फूड प्रोसेसिंग, ब्यूटी पार्लर सहित विभिन्न गैर-कृषि आधारित उद्यमों के लिए प्रशिक्षण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने महिलाओं से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेकर नए उद्यम स्थापित करने का आग्रह किया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने भी योजना को सफल बनाने जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस मौके पर चयनित महिला उद्यमी लीला देवांगन, रजिया बेगम, सुनीता, गंगा मनहर, ममता सिन्हा को एक-एक लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए। इस अवसर पर क्षत्रिय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बिहान से जुड़ी महिलाएँ उपस्थित थीं।।


अन्य पोस्ट