धमतरी

‘तुम मुझे यूं भुला ना पाओगे’ रफी के नगमों से सुरीली हुई कुरूद की एक शाम
01-Aug-2026 7:02 PM
‘तुम मुझे यूं भुला ना पाओगे’ रफी के नगमों से सुरीली हुई कुरूद की एक शाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 1 अगस्त। महान पाश्र्व गायक मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि पर आयोजित‘तुम मुझे यूं भुला ना पाओगे’ कार्यक्रम में नगर के उभरते कलाकारों ने ऐसा समा बांधा कि अतिथि नेता एवं श्रोता वाह-वाह करते रहे। सुरमयी शाम में गायकों ने रफी साहब के गाए गीतों में से अपनी पसंद के गीत कराओके संगीत से साथ प्रस्तुत कर खूब तालियाँ बटोरी।

न्यू कराओके मेलोडी सिंगर्स ग्रुप कुरुद के बैनर तले  मंगल भवन में स्थानीय कलाकारों द्वारा आयोजित इस अनूठे कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा एवं कांग्रेस नेताओं के करकमलों से हुआ। मंच पर कलाकारों का हौसला बढ़ाते हुए नपाध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने निर्माणाधीन एमपी थिएटर सहित नगर में सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के विस्तार में विधायक अजय चंद्राकर के भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा- ऐसे आयोजनों से नगर में सकारात्मक वातावरण बनता है और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है।

 कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारणी चंद्राकर ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों में युवा पीढ़ी की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है। इससे कुरुद की पहचान शिक्षा, धार्मिक व खेल गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक क्षेत्र में भी मजबूत होगी।

 जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने कहा कि लंबे समय बाद कुरुद में इस तरह का आयोजन  सुखद है। उन्होंने पुराने दिनों को याद किया और कहा कि कभी यहाँ ‘अभिव्यक्ति कला मंच’ हुआ करता था, जिसने नगर को सांस्कृतिक पहचान दिलाई थी। उन्होंने बाहरी संस्कृति को अपनाने की जगह क्षेत्रीय एवं छत्तीसगढ़ी कल्चर को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

 जिला पंचायत सदस्य नीलम चन्द्राकर, एल्डरमैन भानु चंद्राकर ने भी आयोजन की सराहना करते हुए रफी साहब को श्रद्धांजलि दी। मेलोडी सिंगर्स ग्रुप के कलाकार राज देवांगन, मोनिका साहू, कोमल साहू, रिजवान रिजवी,  धनसिंह सेन, रफीक हलारी, सूरज देवांगन, भगवान कश्यप, खिलेन्द्र चंद्राकर और सत्या आर्य ने रफी के लोकप्रिय नगमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। जिसमें ‘बहारों फूल बरसाओ, ‘बदन पे सितारे लपेटे हुए, ‘चलो रे डोली उठाओ कहार, ‘रिमझिम के गीत सावन गाए, ‘आने से उसके आए बहार, ‘तुम मुझे यूं भुला ना पाओगे, ‘तू मेरे सपनों की रानी बनेगी, ‘चुरा लिया है दिल ने जो दिल से, ‘हाय रे हाय नींद नहीं आए, ‘कितना प्यारा वादा है’ और ‘कौन है जो सपनों में आया’ जैसे सदाबहार गीतों पर दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में संगीत प्रेमी लोगों की खासी भीड़ उमड़ी जिससे आयोजका का उत्साह दोगुना हो गया।।


अन्य पोस्ट