धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 31 जुलाई। बिजली बिल में हो रही बढ़ोत्तरी से आम उपभोक्ताओं के साथ साथ व्यापारी वर्ग भी परेशान हैं। प्रदेश में बिजली की नई दरें लागू होने के बाद बिल में तरह तरह के सरचार्ज और पेनाल्टी लगाने से लोगों को दोगुना भुगतान करना पड़ रहा है। जिससे सरकार के प्रति लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद व्यावसायिक डोमेस्टिक एवं कमर्शियल उपभोक्ताओं को मिल रहे अधिक बिजली बिल को लेकर विरोध के स्वर सुनाई पड़ रहें हैं। हर महीने आने वाले अनाप शनाप बिल से व्यापारियों और नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
कुरुद व्यापारी कल्याण संघ अध्यक्ष योगेंद्र सिन्हा के नेतृत्व में रवि चंद्राकर, रफीक हलारी, युवराज देवांगन, धनेश बैस, सूरज देवांगन, बंटी देवांगन, राजकुमार साहू आदि व्यापारियों ने बिजली आफिस पहुँच कर बताया कि पिछले कुछ महीनों से बिजली विभाग द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भेजे जा रहे बिजली बिलों में भारी वृद्धि हुई है। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। कई दुकानों का मासिक बिजली बिल 24 हजार से 30 हजार रुपये तक पहुंच रहा है, जिससे व्यापार संचालन करना कठिन हो गया है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बिजली बिल में भारी-भरकम पेनाल्टी भी जोड़ी जा रही है जिसके कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उनका कहना है कि छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के लिए इतने अधिक बिजली बिलों का भुगतान करना संभव नहीं है। व्यापारी संघ ने मांग रखी कि विभाग बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान करे तथा स्मार्ट मीटर और बिलिंग व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो व्यापारियों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
इसी तरह श्रवण साहू, यशवंत, मूलचंद, धनसिंह, गणेश आदि घरेलू उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले ही काम-धाम में ठिकाना नहीं है, ऐसे में बिजली दरें मुसीबत का बड़ा कारण बन रही है। पहले हम 300 से 500 का बिल भरना पड़ता था अब 1000 से 1500 रुपये का बिल आ रहा है।
कांग्रेसी नेता लेखराम साहू, नीलम चन्द्राकर, महिम शुक्ला ने भी जनता को हो रही परेशानी के लिए डबल इंजन की सरकार की गलत नितियों को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि भाजपा राज में नेता अधिकारी मस्त और जनता त्रस्त है। इसका जल्द समाधान नही निकला तो हमें सडक़ पर उतरना पड़ेगा।
इस मामले में बिजली विभाग के सहायक अभियंता एसके. कोसरे ने बताया कि सभी उपभोक्ताओं को वास्तविक बिजली खपत के अनुसार भार अनुबंध कराना आवश्यक है। स्वीकृत भार से अधिक बिजली उपयोग किए जाने के कारण पेनाल्टी लग रही है?। विभाग जल्द ही शिविर लगा सभी उपभोक्ताओं से भार बढ़ाने के आवेदन लिए जाएंगे, ताकि उन्हें अनावश्यक पेनाल्टी से बचाया जा सके।