धमतरी

कुरूद नपा में आरसीसी नाली निर्माण के लिए 99.25 लाख मंजूर
30-Jul-2026 5:26 PM
कुरूद नपा में आरसीसी नाली निर्माण के लिए 99.25 लाख मंजूर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 30 जुलाई। कुरूद नगर पालिका क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए दो आरसीसी नालियों के निर्माण हेतु नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 99 लाख 25 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। परिषद ने इसके लिए विभागीय मंत्री अरुण साव, विधायक  अजय चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त किया है।

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि राज्य सरकार नगरों के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कुरूद में आरसीसी नालियों के निर्माण से वर्षों से चली आ रही जल निकासी संबंधी समस्याओं के समाधान में मदद तथा आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ होगा।

उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में आधारभूत अधोसंरचना के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। आने वाले समय में भी कुरूद नगर के विकास के लिए आवश्यक जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

नपाध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने बताया कि स्वीकृत राशि से स्टेट बैंक से छोटे नहर तक 53 लाख 17 हजार रुपए तथा मंगलम हार्डवेयर से छोटे नहर तक 46 लाख 8 हजार रुपए की लागत से आरसीसी नाली निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद संबंधित क्षेत्रों में वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की समस्या में कमी आएगी, जल निकासी व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी तथा नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित शहरी वातावरण के निर्माण में भी इन परियोजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।


अन्य पोस्ट