धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 25 जुलाई। जनपद क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं का निराकरण एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा के लिए आहुत सामान्य सभा में सदस्यों ने मुखरता के साथ अपनी बात कही। कुरूद जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू की अध्यक्षता में हुई सामान्य सभा में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया।
शुक्रवार शाम तक जनपद पंचायत के सभाकक्ष में चली समान्य सभा की बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, कृषि एवं वन विभाग अंतर्गत संचालित कार्यों की जानकारी लेकर योजनाओं की विशेष तौर पर समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बिमारियों व सर्पदंश के इलाज के लिए जरुरी दवाईयों का स्टाक रखने कहा गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को नया बोर खनन से पहले संबंधित जनपद सदस्य से राय लेने, एवं सभी जलस्रोत में क्लोरीन उपचार के बाद शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई। कृषि विभाग को एग्रीस्टैक, अरहर बीज वितरण, फसल बीमा, किसान सम्मान निधि आदि की जानकारी लेकर खेती किसानी पर नजऱ रखने कहा गया। शिक्षा विभाग की खबर लेते हुए पुस्तक एवं ड्रेस वितरण में हो रही देरी और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के लिए संबंधित अधिकारी को फटकार लगाई। विद्युत विभाग से क्षेत्र में हो रही बिजली कटौती को खत्म करने का निर्देश दिया गया। लोक निर्माण विभाग से सडक़ों की दशा सुधारने की बात कही गई। महिला एवं बाल विकास विभाग से कुपोषण एवं अन्य योजनाओं की जानकारी लेकर गड़बड़ी ठीक करने की समझाईश दी गई। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग ने निर्माणाधीन, पूर्ण, अपूर्ण, प्रगतिरत् निर्माण कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। उद्यानिकी विभाग प्रमुख ने भी अपने किये कार्यों की सिलसिलेवार जानकारी दी। सिंचाई विभाग को नहर नालियों की सफाई एवं रखरखाव करने का निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना की समीक्षा करते हुए सदस्यों ने ग्रामीण सडक़ों की बदहाली का जिक्र करते हुए कम से कम चलने लायक ठीक करने निर्देशित किया। इसी तरह अन्य विभाग से उसके कार्यों का हिसाब मांगा गया। बैठक में अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, सभापति सिंधु बैस, चन्द्रशेखर साहू, आनंद यदु, महेश ध्रुव, एवन साहू, सदस्य रेखा साहू, डिकेश्वरी देवांगन, रूमान कुर्रे, कुलेश्वरी साहू, टेकराम साहू, दिलीप चक्रधारी, मनीषा साहू, उर्वशी बांधेकर, हिमांशु साहू, बनिता सिन्हा, अनुराग साहू, ललिता भतपहरी, गंगा साहू, चित्ररेखा ध्रुव, ठाकुरराम साहू, लिलि श्रीवास, सीईओ अमित सेन सहित अधिकारी कर्मचारी शामिल थे।