धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 23 जुलाई। छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के तत्वावधान में ग्राम बरौदा-रायपुर में प्रदेश स्तरीय आमसभा, महासम्मेलन एवं नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव, मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, रामकुमार यादव, जिपं अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण कर कहा कि यादव समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने वाला यह समाज सदैव सेवा, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक संरक्षण का कार्य करता आया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध लोकसंस्कृति के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है और जब भी प्रदेश की संस्कृति की चर्चा होती है, तब यादव समाज के राउत नाचा एवं लोक परंपराओं का उल्लेख किए बिना वह चर्चा अधूरी रहती है।
कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने समाज में व्याप्त सामाजिक बुराइयों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प ले। उन्होंने विशेष रूप से अपील की कि शादी-विवाह, छठी-बरही एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में नशे का पूर्णत: त्याग किया जाए। विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि युवाओं का विकास किसी भी समाज की प्रगति का आधार है। शिक्षा, राजनीति, प्रशासन, व्यवसाय, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढक़र समाज एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान युवाओं से किया। चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने कहा कि लोकतंत्र में सभी समाजों को उनकी जनसंख्या के अनुरूप सम्मान एवं अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने शासन-प्रशासन, निगम-मंडलों, आयोगों एवं अन्य महत्वपूर्ण संस्थाओं में समाज की जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर परमेधावी छात्र-छात्राओं, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष जगनिक यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यादव समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद उसे पर्याप्त नेतृत्व, प्रतिनिधित्व एवं सम्मान प्राप्त नहीं हो रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से रावत जाति को ओबीसी की सूची में शामिल कराने केंद्र सरकार को अनुशंसा भेजने की मांग की। उन्होंने समाजिक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर नये पदाधिकारियों का चयन किया गया। जसमें चन्दराम यादव को युवा प्रकोष्ठ, तीरथ यादव राजनीति प्रकोष्ठ, राजू यादव न्याय प्रकोष्ठ, सैलाना यादव महिला प्रकोष्ठ, मानसाय को कर्मचारी प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इस अवसर पर धमतरी जिला अध्यक्ष रमेश यादव, मिडिया प्रभारी अनुप यादव, बंशीलाल,भगत सिंह, सुंदर, मनोज, जीआर, आरडी, रंजीत यादव सहित प्रदेश प्रदेशभर से आए समाजिक पदाधिकारी, मातृशक्ति, युवा, वरिष्ठजन उपस्थित थे।