धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 18 जुलाई। नगर पंचायत भखारा-भठेली में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 20 जुलाई को नगर पंचायत कार्यालय में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकृष्ण पावरिया ने बताया कि सोमवार को शिविर सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक लगेगा। जिसमें बिजली बिल से संबंधित त्रुटियों का सुधार, गलत रीडिंग एवं अधिक बिल की शिकायत, नाम संशोधन, उपभोक्ता विवरण में सुधार, बकाया राशि एवं किस्त सुविधा सहित अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापना, केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी, ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज तथा योजना से होने वाले आर्थिक लाभ की जानकारी भी दी जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से शिविर में आते समय बिजली बिल की प्रति, उपभोक्ता क्रमांक तथा सूर्यघर योजना से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है। नपं अध्यक्ष ज्योति जैन, विधायक प्रतिनिधि हरख जैन, सीएमओ श्री पावरिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में उपस्थित होकर अपनी बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान कराएं तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी प्राप्त करें।