धमतरी

बरसते पानी में निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
17-Jul-2026 7:00 PM
बरसते पानी में निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 17 जुलाई। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा नगर एवं अंचल में हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। प्राचीन श्रीराम मंदिर, गांधी चौक एवं मंडी चौक से सजे धजे रथ में भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा की मूर्तियों को रख भक्तों ने भव्य शोभायात्रा निकाली। उसी वक्त हुई झमाझम बारिश ने लोगों का उत्साह और बढ़ा दिया।

गुरुवार को दोपहर बाद अलग-अलग दिशाओं से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। जिसके दर्शन के लिए नगर एवं ग्रामीण अंचल से सैकड़ों लोग पहुंचे। रथ से सभी श्रद्धालुओं को गजामूंग का प्रसाद दिया गया। नपा अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर, विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर, कृष्णकांत साहू, शेखर चन्द्राकर सहित अन्य भाजपा नेताओं ने पूजा अर्चना के बाद रथ खिंच कर अपनी आस्था प्रकट की।

जिला पंचायत सदस्य नीलम चन्द्राकर, तारणी चन्द्राकर, नपं उपाध्यक्ष देवव्रत साहू, मनीष साहू, प्रमोद साहू आदि कांग्रेसियों ने भी भगवान जगन्नाथ बलभद्र और शुभद्रा के रथ को खिंच कर आगे बढ़ाया। कारगिल चौक में हनुमान सेवा समिति द्वारा रथयात्रा का स्वागत कर प्रसादी वितरण किया गया। प्राचीन श्रीराम मंदिर में महंत अखिलेशदास वैष्णव एवं गांधी चौक में पुजारी जीतेन्द्र नाथ योगी ने पूजा अर्चना के बाद रथयात्रा शुरू की। पुरानी मंडी चौक से भी रथयात्रा निकाली गई।

अलग अलग दिशा से निकले तीनों रथ महाप्रभु जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के साथ नगर भ्रमण पर निकले। जो पुराना बाजार, हुतात्मा चौक, सरोजनी चौक, कारगिल चौक होते नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। इसमें नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र से आये श्रद्धालुओं ने अपने हाथों से रथ खींच पुण्य लाभ अर्जित किया। रथ से भक्तों को गजा मूंग का प्रसाद बांटा गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस प्रशासन ने पुरी मुस्तैदी दिखाई।

इस अवसर पर मोहन अग्रवाल, सुरेश महावर, महावीर गुप्ता, रामनारायण शर्मा, राजेन्द्र गुप्ता, जुगल किशोर शर्मा, विकास, मनोज अग्रवाल, सौरभ महावर सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित थे।

 रथयात्रा के दरमियान हुई झमाझम बारिश ने भक्तों का उत्साह बढ़ाने का काम किया।


अन्य पोस्ट