धमतरी

कुरुद में रथयात्रा के दिन हरियाली महोत्सव का शुभारंभ
16-Jul-2026 6:29 PM
कुरुद में रथयात्रा के दिन हरियाली महोत्सव का शुभारंभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 कुरूद, 16 जुलाई। रथयात्रा के पावन अवसर पर नगरपालिका कुरूद द्वारा हरियाली महोत्सव का शुभारंभ किया गया। जिसमें निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने रेस्ट हाउस, केनाल रोड, एपीजे कलाम गार्डन किनारे पौधरोपण कर पर्यावरण के प्रति अपने लगाव को दर्शाया। लेकिन उपाध्यक्ष सहित तमाम कांग्रेसी पार्षद एवं सत्ता पक्ष के दो निर्वाचित एवं दो मनोनीत प्रतिनिधियों ने भी इस कार्य से खुद को दूर रखा, जो चर्चा का विषय रहा।

 नगर पालिका कुरुद ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को अपने साप्ताहिक पौधारोपण कार्यक्रम की शुरुआत की। अध्यक्ष ज्योति चन्द्राकर ने पहले दिन भारत माता चौक से रेस्ट हाउस, केनाल रोड एवं अब्दुल कलाम गार्डन, मेन रोड, विवेकानंद मंगल भवन के आस पास विभिन्न प्रजाति के पौधे रोप ग्रीन कुरुद की नींव रखने का काम किया। उनका साथ देने सहयोगी पार्षद, पार्टी कार्यकर्ता एवं नागरिकों की अच्छी खासी भीड़ मौजूद थी। लेकिन इस नेक काम में सत्ता पक्ष के दो पार्षद, दो एल्डरमैन सहित विपक्षी खेमा नदारद रहा, जिसको लेकर तरह-तरह की चर्चा होती रही।

लोगों का कहना था कि अन्य विषयों में मतभेद और असहमति जायज़ हो सकती है, लेकिन पर्यावरण संरक्षण जैसे अहम मुद्दों पर आमराय होने से ही नगर में सुन्दर और स्वच्छ वातावरण बन सकता है।

इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर ने बताया कि 16 से 22 जुलाई तक नगर के सभी वार्डों में पौधेरोपन कर नगर को हरियाली की चादर से ढंकने का प्रयास किया जाएगा। इस काम में जंगल विभाग एवं निकाय सहभागी की भूमिका निभाएंगे।


अन्य पोस्ट