धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 14 जुलाई। कुरुद से सटे चरमुडिय़ा में पंचायत एवं महिला बाल विकास विभाग के हस्तक्षेप से एक नाबालिग लडक़ी का विवाह रुकवाया गया।
कुरुद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत चरमुडिय़ा में सोमवार को 17 साल की नाबालिग लडक़ी का विवाह सिलौटी के 18 साल के नाबालिग लडक़े के साथ कराया जा रहा था। घरातियों में खुशी का माहौल था, बारात गांव पहुंच चुकी थी और स्वागत की रस्में चल रही थी।
इसी बीच पंचायत को इसकी भनक लगी तो सरपंच नीतू तेजेन्द्र तोडेकर ने अपने कुछ पंचों के साथ मंडप में जाकर विवाह रोकने की समझाईश परिजनों को दी। इसी बीच एक गुप्त फोन कॉल के आधार पर धमतरी से महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम पुलिस लेकर मौके पर पहुंची।
प्रशासन की टीम ने दोनों परिवारों को बाल विवाह के कानूनी दुष्परिणामों और इसके दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया। काफी जद्दोजहद और समझाइश के बाद आखिरकार ये शादी रुकवाई गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना अधिकारी सरिता कुशवाहा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कानून को अपने हाथ में न लें। बाल विवाह न केवल गैर कानूनी है, बल्कि यह बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ भी है।