धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 14 जुलाई। कुरूद में ड्रीम क्लासेस के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिल रही है। चार राजस्व पटवारियों द्वारा संचालित यह संस्थान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों में नई उम्मीद जगाने का काम किया है।
इस सार्थक प्रयास के तीन वर्ष पूरे होने पर इस संस्थान ने एक मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें केंद्रीय विद्यालय कुरुद की प्राचार्या ग्लोरिया मिंज ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में दूसरों के भविष्य के बारे में सोचने वाले लोग विरले ही हैं। ड्रीम क्लासेस से जुड़े युवाओं ने आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने का जो बीड़ा उठाया है, वह सेवा भावना अनुकरणीय और प्रेरणादायक है।
सेवानिवृत्त शिक्षक वेदनाथ चंद्राकर ने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सबसे पहले अपनी रुचि को पहचानें और उसी के अनुरूप लक्ष्य तय कर कड़ी मेहनत करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफलता केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि अनेक क्षेत्रों में करियर के अपार अवसर उपलब्ध हैं। इस नि:शुल्क कोचिंग में पटवारी डोमन प्रकाश बंजारे, धनंजय सिंह, टिकेंद्र चंद्राकर एवं प्रदीप कुंजाम जैसे समर्पित युवा रोज अपनी ड्यूटी पुरी कर इन युवाओं को यूपीएससी, पीएससी, रेलवे, शिक्षक भर्ती सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की विषयवार तैयारी कराते हैं।
प्रशिक्षक डोमन प्रकाश बंजारे और धनंजय सिंह ने बताया कि आर्थिक अभाव और समय पर सही मार्गदर्शन न मिलने के कारण उनका अधिकारी बनने का सपना अधूरा रह गया। इसी कड़वे अनुभव ने उन्हें समाज के जरूरतमंद युवाओं के लिए नि:शुल्क कोचिंग शुरू करने की प्रेरणा दी। 12 जुलाई 2023 को इस अभियान की शुरुआत की गई थी, जो आज एक बड़े आंदोलन का रूप ले चुकी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को टिप्स देते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, सुनियोजित रणनीति और बेहतर समय प्रबंधन सबसे आवश्यक है। कार्यशाला में ड्रीम क्लासेस से तैयारी कर वन विभाग में कार्यरत ईश्वर ध्रुव, पुलिस सेवा में चयनित दिव्या गायकवाड़ और त्रिलोकचंद देवांगन ने अपना अनुभव साझा करते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और सही मार्गदर्शन को सफलता की कुंजी बताया।
इस अवसर पर अमित टंडन, रविंद्र साहू, मनोज टंडन, रॉक्स मिंज, श्रवण साहू, राजेश चंद्राकर, भुनेश्वर साहू, शेखन साहू, जानेश्वरी बंजारे सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।