धमतरी

मासूम छात्रा को स्कूल में बंद कर घर गए शिक्षक
12-Jul-2026 8:15 PM
मासूम छात्रा को स्कूल में बंद कर घर गए शिक्षक

घंटों बाद परिजनों ने ताला तोडक़र निकाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 12 जुलाई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष के गृहग्राम में स्थित पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला के शिक्षकों की एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। जिसमें एक मासूम छात्रा को क्लास में छोड़ छुट्टी होने के बाद स्कूल में ताला लगाकर घर चले गए। कई घंटे बाद परिजनों ने ताला तोडक़र छात्रा को स्कूल से बाहर निकाला।

घटना कुरूद विकासखंड के ग्राम कठौली पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला की है। यहां शुक्रवार को शिक्षक ने छुट्टी होने के बाद क्लास में देखे बिना ही स्कूल में ताला लगाकर घर चले गए। शाम तक पहली कक्षा की मासूम छात्रा घर नहीं लौटी तो परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद शाम करीब 6 बजे स्कूल का ताला तोडक़र बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

छात्रा के चाचा भोजराज निषाद ने बताया कि भतीजी रोज की तरह स्कूल गई थी।  स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह घर नहीं पहुंची तो चिंता बढ़ गई। उन्होंने पहले आसपास और बच्ची की सहेलियों के घर तलाश की, लेकिन जब गांव में कहीं पता नहीं चला तो परिजन स्कूल परिसर पहुंचे और बाउंड्रीवॉल फांदकर भीतर प्रवेश किया। चैनल गेट के पास आवाज लगाई तो मासूम बच्ची रोते हुए मदद के लिए पुकारने लगी। बच्ची की तड़प देखकर गेट का ताला तोड़ बच्ची को सकुशल बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही स्कूल के शिक्षक भी मौके पर पहुंच गए।

ज्ञात हो कि यह मामला धमतरी जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू के गृह ग्राम का है। इस बड़ी घटना के बाद स्कूल प्रबंधन समिति और पंचायत प्रतिनिधियों की आपात बैठक हुई। जिसमें पालकों ने कहा कि छुट्टी के वक्त पूरे कमरों की ठीक से जांच की जानी चाहिए ताकि किसी भी बच्चे की सुरक्षा दांव पर न लगे।

प्रधानपाठक ललित साहू ने इस गंभीर और जानलेवा भूल को स्वीकार करते हुए बताया कि हमने छुट्टी के वक्त कक्षाओं को जांचा लेकिन बच्ची आखिरी बेंच पर सो गई थी, जिस कारण छुट्टी के वक्त वह दिखाई नहीं दी। इसके लिए हम पालक से क्षमा मांगते हैं। बीईओ राजेश बैस ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही प्रधानपाठक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। भविष्य में ऐसी घटना ना हो इसके लिए सख्त निर्देश जारी किया गया है।


अन्य पोस्ट