धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद, 12 जुलाई। मानसून की पहली फूहार के साथ हर वर्ष आने वाले सैकड़ों प्रवासी पक्षी भखारा के खजराही तालाब के ईर्दगिर्द डेरा डालने लगे हैं। जिससे यह इलाका विदेशी पक्षियों की चहचहाहट से गुलजार होने लगा है। लेकिन कुरुद क्षेत्र में पर्यावरण एवं जैव विविधता के बन चुके इस अहम ठिकाने के संरक्षण और संवर्धन के लिए कोई गंभीर प्रयास नहीं होने से कई पर्यावरणविद चिंतत हैं।
गौरतलब है कि धमतरी जिलाएवं कुरुद विधानसभा अंतर्गत नगर पंचायत भखारा-भठेली के खजराही तालाब में विगत डेढ़ दसकों से भी अधिक समय से मई-जून में अपने मूल निवास से हजारों किलोमीटर की उड़ान भरकर ये पक्षी छत्तीसगढ़ पहुंच यहाँ अक्टूबर-नवंबर तक रुकते हैं। वर्षा ऋतु में हर वर्ष आने वाले प्रवासी पक्षी तालाब के मध्य स्थित टापू को अपना आशियाना बनाते है। क्यों कि बारिश का मौसम इनके प्रजनन का समय होता है। इस सुरक्षित स्थान पर ये घोंसले बना अंडे देते हैं और चूजों के उडऩे योग्य होने के बाद चार पांच महीने बाद वापस अपने देश लौट जाते हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि खजराही तालाब के बीच स्थित टापू चारों ओर से पानी से घिरा होने के कारण पूरी तरह सुरक्षित माना जाता है। यहां मौजूद बबूल के पेड़ घोंसले बनाने के लिए उपयुक्त हैं।
तालाब में मछलियां, घोंघे, कीट और अन्य प्राकृतिक भोजन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने से यह स्थान इन पक्षियों को बहुत भाता है। पक्षी विशेषज्ञों के अनुसार यहां साइबेरियन क्रेन, फ्लेमिंगो, ब्लैक-विंग्ड स्टिल्ट, कॉमन टील, कॉमन ग्रीनशैंक, नॉर्दर्न पिनटेल, रोजी पेलिकन, वुड सैंडपाइपर जैसी प्रजातियों वाली पक्षियों की चहचहाहट और उड़ान का दृश्य लोगों को विशेष रूप से आकर्षित करता है। इसीलिए यह स्थान प्रवासी पक्षियों के अध्ययन का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। यहां हर वर्ष देश-विदेश के शोधार्थी और पक्षी विशेषज्ञ पक्षियों के प्रजनन और प्रवास संबंधी जानकारी एकत्र करते हैं। कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि टापू की मिट्टी लगातार कट रही है और पेड़ सूखकर गिर रहे हैं।
मछली पकडऩे वालों की से पक्षियों का प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मिट्टी भराव, पौधरोपण तथा संरक्षण कार्य करने की आवश्यकता बताई। उनका कहना है कि उचित संरक्षण मिलने पर यह क्षेत्र पर्यटन और पक्षी प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है। ऐसा नहीं है कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी इस धरोहर के संरक्षण में कोताही बरत रहे हैं।
विधायक अजय चन्द्राकर ने पूर्व में इसके संरक्षण के लिए कई बार चिंता जता चुके हैं। लेकिन इसके प्राकृतिक स्वरूप में अधिक बदलाव प्रवासी पक्षियों को रास नहीं आने की आशंका से वहाँ भौतिक परिवर्तन नहीं किया जा रहा है। पिछले दिनों विधायक प्रतिनिधि हरख जैन एवं सीएमओ हरिकिशन पवारिया के साथ पॉन्ड मैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध रामवीर तंवर ने इस तालाब का विस्तृत निरीक्षण एवं सर्वेक्षण किया। उनके द्वारा इस स्थान को रामसर साइट घोषित कराने की दिशा में शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ड्रोन कैमरे की सहायता से जल क्षेत्र, जैव विविधता, प्रवासी पक्षियों के आवास और तालाब के पारिस्थितिकीय महत्व का वैज्ञानिक आकलन किया गया। तत्पश्चात उन्होंने धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से मुलाकात कर जिले में जल संरक्षण, तालाबों के विकास तथा मृत जल निकायों के पुनर्जीवन पर चर्चा की।
कलेक्टर ने उनसे किए गए कार्यों की जानकारी ले अन्य तालाबों के सौंदर्याकरण एवं सुव्यवस्थित विकास की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।