धमतरी

आवारा मवेशियों को पकड़ किया कांजी हाउस में बंद
11-Jul-2026 8:07 PM
आवारा मवेशियों को पकड़ किया कांजी हाउस में बंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 11 जुलाई। नगर की सडक़ों को आवारा पशुओं एवं गली मोहल्लों में घूमते कुत्तों के आतंक से मुक्त करने की कवायद में स्थानीय प्रशासन जुट गया है। जिसके तहत आज प्रमुख मार्गों से 59 आवारा पशुधन को धरपकड़ कर कांजी हाउस में बंद किया गया है। कुत्तों के इलाज के लिए संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाने का निर्देश जारी किया गया है।

शनिवार को कुरुद नगर पालिका परिषद द्वारा की गई इस कार्रवाई से पहले आम सूचना प्रसारित कर पशुपालकों से निवेदन किया गया कि वे अपने पशुधन को सडक़ों पर खुला न छोड़े, अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

अक्सर देखा गया है कि अधिकांश पशुपालक सुबह-शाम दूध निकाल कर अपनी गायों को बाहर छोड़ देते हैं। जो दिन भर सडक़ों पर विचरण कर अपना पेट भरती है। यही जानवर सडक़ों पर गंदगी और दुर्घटना का कारण बनते हैं।   ‘छत्तीसगढ़’ अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका की काऊ केचर टीम ने 59 आवारा पशुधन को पकड़ कर कांजी हाउस में बंद किया है।

अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि क्लिन एवं ग्रीन कुरुद की अवधारणा को सफल बनाने नागरिकों को भी योगदान देना पड़ेगा। पशुपालक अपने मवेशियों को सडक़ों पर न छोड़े, तभी हम सुन्दर और स्वच्छ नगर के रहवासी कहलाने का गौरव हासिल कर सकते हैं।

सीएमओ महेन्द्र गुप्ता ने बताया कि नागरिक जिम्मेदारी के बिना प्रशासन के लिए नगर को सुव्यवस्थित रखना संभव नहीं है। जनप्रतिनिधि, नागरिक एवं प्रशासन के सामूहिक प्रयास से ही आदर्श शहर की कल्पना साकार हो सकती है। उन्होंने कहा कि परिषद के निर्णय पर टीम ने सडक़ों से आवारा मवेशियों को हटा कांजी हाउस में बंद किया है, यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट