धमतरी

सडक़ पर आवारा पशुओं का जमावड़ा
10-Jul-2026 8:12 PM
सडक़ पर आवारा पशुओं का जमावड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 10 जुलाई। नगर की सडक़ों और गलियों में इन दिनों आवारा कुत्तों और घर से निकाले गए पशुधन का जमावड़ा देखा जा सकता है। इनकी वजह से होने वाले सडक़ हादसे में अब तक कई घायल और कुछ की मौत हो गई है।  कुत्तों की नसबंदी करने वाली एजेंसी ने एक महीने में मात्र चार दर्जन श्वान का ही इलाज किया है।

ज्ञात हो कि नगर के सभी प्रमुख सडक़ों पर आवारा पशु और कुत्तों का जमावड़ा देखा जा सकता है। बारिश की वजह से बाकी जमीन गिली होने के कारण जानवर सडक़ पर बैठे रहते हैं। नगर के सभी मोहल्लों में भी आवारा कुत्तों की आबादी बढ़ गई है। जिसके चलते आए दिन कुत्तों के काटने की घटना सामने आ रही है।

कुरुद सांधा से लेकर मुख्य मार्ग में जगह-जगह घर से हकाले गए पशुधन और लावारिस कुत्तों का जमघट लगा रहता है। पुराना बस स्टैंड, सरोजनी चौक, पुराना बाजरा में इनकी भीड़ हरदम देखी जा सकती है। नया बाजार में लगने वाली मांसाहारी दुकानों की वजह से आवारा कुत्तों के लिए यह जगह बेहद पसंदीदा हो गई है। यहाँ कुत्तों के झुंड हमेशा नजर आते हैं। कच्चे माँस के अवशेष खाने से इनमें हिंसक प्रवृत्ति अधिक नजऱ आती है। जिसके चलते इस रास्ते पर पैदल चलना जोखिम भरा होता है।

सब्जी मंडी होने के कारण यह जगह मवेशियों को भी खूब भाती है। इसके अलावा मंडी पारा, गाँधी चौक पचरीपारा आदि इलाकों में भी बेजुबान जानवरों मौजूदगी बनी रहती है। जिससे आए दिन डॉग बाइट एवं मवेशियों से टकरा कर होने वाले हादसों की घटना होती है। नगर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थिति गंभीर होती जा रही है। गाँव की गलियों में कुत्तों के झुंड किसानों और स्कूली बच्चों पर हमला कर रहे हैं और आवारा पशु फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

पूर्ववर्ती सरकार ने इसके रोकथाम के लिए गौठान और रोका-छेका कार्यक्रम चलाया गया था। लेकिन मौजूदा व्यवस्था में तो इन आवारा जानवरों से आम लोगों की सुरक्षा के लिए कोई इंतेजाम नहीं है। कुछ समय के लिए स्थानीय निकाय से कुछ लोगों को तैनात किया गया था कि वे नगर की सडक़ों को जानवरों से मुक्त रखें, लेकिन अब यह व्यवस्था भी शायद बंद कर दी गई है। जिससे यहाँ सडक़ों पर जगह जगह आवारा कुत्तों और मवेशियों का जमघट लगा रहता है।

इस बारे में मुख्य नगर पालिका अधिकारी महेन्द्र गुप्ता ने बताया कि आवारा कुत्तों की नसबंदी कराने एक एजेंसी की मदद ली गई है। वह पिछले एक महीने में करीब 26-27 कुत्तों की प्रजनन क्षमता कर चुकी है। इसी तरह पशुधन को कांजी हाउस में रखने और सडक़ से जानवरों को हटाने के लिए कर्मचारी तैनात किया जा रहा है।

नागरिकों ने प्रशासन से समस्या के स्थायी समाधान की माँग की है। लोगों का कहना है कि कुत्तों का नियमित टीकाकरण और नसबंदी जरुरी है। इसी तरह पशुधन को सडक़ों से दूर रखने के लिए पशु पालकों को समझाईश और दंडित करने का प्रावधान होना चाहिए।

 


अन्य पोस्ट