धमतरी

पीएम आवास की मांग से जनपद सदस्य परेशान
09-Jul-2026 7:05 PM
पीएम आवास की मांग से जनपद सदस्य परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 9 जुलाई। धमतरी जिले की 370 ग्राम पंचायतों में  पीएम आवास प्लस 2.0 सर्वे कराया गया। जिसमें 84 हजार 439 लोगों ने आवेदन किया था। सूची जारी होने के बाद 11 हजार से अधिक नामों को अपात्र मान सूची से हटा दिया गया। जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने नेता-अधिकारियों का घेराव कर सूची में नाम जुड़वाने की मांग कर चुके हैं। पंचायत प्रतिनिधियों को लोगों के गुस्सा का सामना करना पड़ रहा है।

कुरुद विधानसभा के सैकड़ों ग्रामीणों ने गत दिनों जनपद कार्यालय का घेराव कर आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक की मिलीभगत से जरूरतमंद परिवारों के नाम सूची से काट ऐसे लोगों के नाम शामिल किए हैं, जिनके पास पहले से पक्के मकान, ट्रैक्टर और हार्वेस्टर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।

अपने मतदाताओं के सवालों का जवाब मांगने सीईओ से मिलने पहुंचे जनपद सदस्य हिमांशु साहू, सिन्धु बैस, गंगा साहू, डिगेश्वरी देवांगन ने बताया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के भाठागांव, राखी, मरौद, कुर्रां, सिहाद, कोसमर्रा, देवरी, जामगांव, सरबदा, जरवायडिही, खपरी, कल्ले, मुल्ले, रामपुर, गाड़ाडीह भेलवाकूदा, सिलघट के सैकड़ों पात्र लोगों के नाम सर्वे सूची से हटा दिया गया है। जो रोज उनके पास आकर सूची में नाम जोड़वाने की फरियाद करते हैं।

उन्होंने कहा कि सूची बनवाने और नाम हटवाने की पूरी प्रकिया में संबंधित अधिकारियों ने हमें पूछा तक नहीं, प्रशासन ने इस मामले में मनमानी की, जिसका खामियाजा हमें उठाना पड़ रहा है। अब पुछे जाने पर वही लोग एआई सॉफ्टवेयर की गलती बता रहे हैं। किसी भी जनप्रतिनिधि या ग्राम सभा को पात्र लोगों का नाम जोडऩे का अधिकार नहीं दिया गया है। ऐसे में हमारे चुने जाने का क्या औचित्य है ?

सत्तापक्ष से जुड़े जनपद सदस्यों ने बताया कि आयुष्मान कार्ड से इलाज कराने निजी अस्पताल को अलग कर शासकीय हास्पिटल को अधिकृत करने की बात को लेकर जनता पहले ही परेशान हैं, ऐसे में उन्हें प्रधानमंत्री आवास के लिए भी दर दर भटकना पड़ रहा है।

इस बारे में प्रधानमंत्री आवास कुरुद विकासखंड समन्वयक संतोष साहू ने कहा कि सेल्फ और अस्टिटेंट सर्वे में क्षेत्र के करीब 27 हजार लोगों को शामिल किया गया था। लेकिन तकनीकी कारणों से कुछ नाम विलोपित हो गए, जिसे ठीक करने का प्रयास उच्च स्तर पर किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट