धमतरी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उठाई निष्पक्ष न्यायिक जांच की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 9 जुलाई। जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी की अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे में कथित अनियमितताओं एवं चढ़ावा चोरी की खबरों को अत्यंत गंभीर बताया है। उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस पूरे मामले की किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा उच्च स्तरीय न्यायिक आयोग से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों देशवासियों की अगाध आस्था के केंद्र हैं और देश-विदेश के श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ मंदिर में दान व चढ़ावा अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा, यदि श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान के दुरुपयोग अथवा वित्तीय अनियमितता जैसे आरोप सामने आते हैं, तो यह केवल एक आर्थिक अपराध नहीं है, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं और उनकी आस्था के साथ भी खिलवाड़ है।
श्रीमती चंद्राकर ने मांग की है कि इस पूरे मामले की सत्यता सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है, ताकि दोषी चाहे कोई भी हो, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता और रामभक्तों को यह जानने का पूरा अधिकार है कि भगवान श्रीराम के नाम पर समर्पित की गई राशि का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है।
अपने बयान में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने राजनीतिक निशाना साधते हुए कहा कि चूंकि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लंबे समय से राम मंदिर प्रबंधन और आंदोलनों से सीधे जुड़े रहे हैं, इसलिए यह उनकी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वे सामने आ रहे इन आरोपों पर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट करें।