धमतरी

भाजपाईयों ने डॉ. मुखर्जी को किया याद
09-Jul-2026 7:03 PM
भाजपाईयों ने डॉ. मुखर्जी को किया याद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 9 जुलाई। प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती जिला पंचायत सभापति कुलेश्वरी-सुनील गायकवाड़ की अगुवाई में मनाई गई। जिसमें क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में शिरकत की।

कुरुद विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत अंवरी में आयोजित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती कार्यक्रम में जिपं सभापति श्रीमती गायकवाड़ ने बताया कि राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना बलिदान देने वाले डॉ.मुखर्जी भारत के प्रख्यात शिक्षाविद्, राष्ट्रवादी चिंतक और जनसंघ के संस्थापक थे। उनका जन्म 6 जुलाई 1901 को कोलकाता में हुआ था। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा को अपना सर्वोच्च लक्ष्य बनाया।

पूर्व जनपद सदस्य सुनील गायकवाड़ ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का मानना था कि भारत की शक्ति उसकी एकता में निहित है। जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण के लिए उनके संघर्ष और एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे जैसे नारे ने उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में एक विशिष्ट पहचान दिलाई। 23 जून 1953 को उनका निधन हुआ, लेकिन उनके विचार आज भी अनेक लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

पूर्व सरपंच लेखराम साहू ने बताया कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती हमें राष्ट्रसेवा, शिक्षा, ईमानदारी और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण का संदेश देती है। इस अवसर पर पवन यादव जागेशवर निर्मलकर, सरस्वती साहू, रेखा साहू, नीतू खुटेल, मंजू गायकवाड, मोतिम यादव, संगीता साहू, यमना साहू, झामीन साहू, सावित्री ध्रुव, बबिता साहू, नेहा यादव, बीना, यादबाई, मोहनी यादव, रतनी साहू आदि ग्रामीण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट