धमतरी

फूडपार्क में छापा, 75 हजार बोरी धान बीज के विक्रय पर प्रतिबंध
05-Jul-2026 8:34 PM
फूडपार्क में छापा, 75 हजार बोरी  धान बीज के विक्रय पर प्रतिबंध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 5 जुलाई।  किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने तथा बीज वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय निरीक्षण दल ने एक निजी बीज प्रोसेसिंग एवं भंडारण परिसर में छापा मारकर 75 हजार बोरी धान बीज के विक्रय, आपूर्ति एवं उपयोग पर प्रतिबंध लगा संबंधित फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

  कुरूद विकासखंड अंतर्गत ग्राम बंजारी स्थित फूड पार्क में मेसर्स पान सीड्स प्रा.लि.में संचालक राहुल देव के निर्देशन में संचालनालय कृषि एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित कंपनी द्वारा बीजों की ग्रेडिंग, प्रोसेसिंग एवं पैकेजिंग संबंधी जानकारी जिला कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराई गई थी। साथ ही लाइसेंस में स्वीकृत किस्मों के अतिरिक्त अन्य किस्मों के बीजों का भंडारण, पैकेजिंग सामग्री का उपयोग एवं वितरण से संबंधित अनियमितताएं भी पाई गईं।

इसके मद्देनजर परिसर में उपलब्ध कच्चे एवं ग्रेडेड धान बीज के साथ समस्त पैकेजिंग सामग्री के विक्रय, आपूर्ति एवं उपयोग पर रोक लगा दी गई। इसके अतिरिक्त पैक्ड धान बीज के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण हेतु राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।

संस्थान में विभिन्न अनियमितता को देखते हुए अधिकारियों ने 75 हजार बोरी धान बीज के विक्रय, आपूर्ति एवं उपयोग पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया। साथ ही संबंधित फर्म को तीन दिवस के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिया गया है। निरीक्षण दल में कृषि अधिकारी मयंक बघेल,  जितेन्द्र ठाकुर, रामकुमार साहू, चेश सार्वा, मयंक नागवंशी, आदित्य मेश्राम आदि शामिल थे।


अन्य पोस्ट