धमतरी

चौपाल लगा विधायक ने सुनी ग्रामीणों की समस्या
04-Jul-2026 6:50 PM
चौपाल लगा विधायक ने सुनी ग्रामीणों की समस्या

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

कुरूद, 4 जुलाई। प्रधानमंत्री आवास को लेकर मचे बवाल के बीच कुरूद विधायक अजय चंद्राकर अपने निर्वाचन क्षेत्र के ग्राम बगदेही पहुंचे। इस दौरान आवास योजना के पात्रता सूची से वंचित ग्रामीणों ने विधायक को ज्ञापन सौंप सूची में अपना नाम जोडऩे की मांग की। जिस पर उन्हें समाधान का आश्वासन दिया गया।

शनिवार को जनसंपर्क अभियान के तहत कुरुद विधानसभा के ग्राम पंचायत बगदेही पहुंचे पूर्व मंत्री अजय चन्द्राकर ने बाजार चौक में चौपाल लगा कर ग्रामवासियों से चर्चा की। मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें गांव की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची से वंचित रह गए लोगों ने विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए आवास सूची में अपना नाम जोडऩे की मांग की।

विधायक ने मांग पत्र स्वीकार करते हुए पात्र ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि ग्राम पंचायत के विकास को लेकर उन्हें चिंतित होने की जरूरत नहीं है और जनहित से जुड़ी उपयोगी मांगों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।

विधायक श्री चंद्राकर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए  कहा कि ऐसी मांग रखें, जिसका लाभ पूरे गांव और समाज को मिले। उन्होंने मौके पर ही पटवारी, ग्राम सचिव और संबंधित इंजीनियर को मामलों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष गितेश्वरी साहू, पूजा सिन्हा, सिन्धु बैस, रवि सिन्हा, छत्रपाल बैस, पंकज सिन्हा, रुपूराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट