धमतरी

अल्प वर्षा की चुनौती से निपटने कृषक मित्रों को प्रशिक्षण
04-Jul-2026 4:34 PM
अल्प वर्षा की चुनौती से निपटने कृषक मित्रों को प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरुद, 4 जुलाई। संभावित अल्प एवं अनियमित वर्षा की स्थिति में किसानों को आवश्यक कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने एवं जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के अनुरूप वैज्ञानिक एवं टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धमतरी में कृषक मित्रों को प्रशिक्षण दिया गया।

कृषि विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में एक्सटेंशन रिफॉर्म्स आत्मा योजना अंतर्गत कृषि सुधार एवं विस्तार प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि अधिकारी मनोज सागर, डॉ.अमित सिन्हा, फतेलाल पटेल,  योगेंद्र सिन्हा आदि विशेषज्ञों ने सुपर अल नीनो के संभावित प्रभावों के कारण उत्पन्न अल्प एवं अनियमित वर्षा की परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कृषि रणनीतियों पर विस्तार से जानकारी दी।

कृषक मित्रों को बताया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को समय पर जागरूक करें, ताकि विपरीत मौसम की परिस्थितियों में भी फसलों का बेहतर प्रबंधन किया जा सके। साथ ही कम अवधि वाली धान, दलहनी एवं तिलहनी फसलों के चयन, वैज्ञानिक तरीके से सीधी बुवाई तकनीक, जल संरक्षण, संतुलित पोषण प्रबंधन तथा खेतों में नमी संरक्षण के उपायों की जानकारी भी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के जिला प्रबंधक दुष्यंत कौशिक ने धान, उड़द, मूंग, कोदो, कुटकी एवं रागी जैसी अधिसूचित फसलों की बीमा प्रक्रिया, पात्रता, अंतिम तिथि तथा योजना के लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में कृषक मित्रों को विभागीय योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर आत्मा योजना के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं कृषक मित्र उपस्थित थे।

 

 


अन्य पोस्ट