धमतरी

बिजली कटौती से परेशान, उपभोक्ताओं का गुस्सा सोशल मीडिया पर
03-Jul-2026 8:01 PM
बिजली कटौती से परेशान, उपभोक्ताओं का गुस्सा सोशल मीडिया पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुरूद, 3 जुलाई । नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत कटौती से उपभोक्ता और कारोबारी प्रभावित हो रहे हैं। दिन और रात के समय बिना पूर्व सूचना के होने वाली कटौती के कारण नागरिकों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस व्यवस्था को लेकर नागरिक सोशल मीडिया पर विभाग और प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।

गौरतलब है कि विगत कुछ समय से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत वितरण व्यवस्था बुरी तरह से गड़बड़ा गई है। कभी संधारण मरम्मत, तो कभी लाइन फाल्ट के नाम पर लोगों को दिन हो या रात बिजली गुल होने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऑफ सीजन होने के बावजूद पिछले कुछ दिनों से बिजली के आने-जाने का क्रम काफी बढ़ गया है। दिन के समय बत्ती गुल होने से यहाँ का कारोबार प्रभावित हो रहा है। बिजली आने जाने की पूर्व सूचना नहीं होने से नागरिक अधिक परेशान हंै।

उपभोक्ताओं के अनुसार, संधारण, मरम्मत और लाइन फाल्ट के कारण बिजली बंद होने की समस्या बढ़ी है। दिन के समय बिजली जाने से व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, वहीं रात में कटौती से लोग परेशान हैं। ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं का कहना है कि शहरी क्षेत्र की तुलना में वहां अधिक कटौती की जा रही है। हल्की बारिश या हवा चलने पर भी विद्युत आपूर्ति घंटों बाधित रहती है। इसके अतिरिक्त, शिकायत के लिए विभाग के कार्यालय में संपर्क करने पर फोन नहीं उठने की बात भी उपभोक्ताओं ने कही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि नियमित बिल भुगतान के बाद भी उन्हें सुचारू सेवा नहीं मिल पा रही है।

 विभाग की इस बदहाल व्यवस्था के लिए युवा वर्ग सोशल मीडिया में संबंधित अफसर और सत्ता पक्ष को आड़े हाथों लेने लगा हैं।

इस संबंध में विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री राकेश सिन्हा ने बताया कि विद्युत वितरण व्यवस्था एवं सप्लाई लाइन का रखरखाव नियमित रूप से किया जाता है। मौसम और उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव बढऩे के कारण कभी-कभी आपूर्ति प्रभावित होती है, जिसे जल्द ही सुधार लिया जाता है।


अन्य पोस्ट